विदेश जाने वालों के लिए स्पेशल टीकाकरण अभियान, 28 दिन में लगेगा कोविडशील्ड का दूसरा टीका
■ जिला महिला अस्पताल में किया जायेगा इस सत्र का आयोजन
पासपोर्ट और वीजा के मूल कागजात को दिखाने के साथ उसकी छायाप्रति भी करनी होगी जमा
मऊ। जनपद के विदेश जाने वाले लोगों जैसे कामगारों, विद्यार्थियों और अन्य कार्य के लिए एक विशेष कोविड-19 टीकाकरण का सत्र का आयोजन किया जाएगा, जिसमें जरूरी कागजातों के साथ उपलब्ध होकर लाभार्थी टीकाकरण का लाभ ले सकेंगे।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ सतीशचंद्र सिंह ने बताया – जनपद से विदेश जाने वाले नागरिकों के लिए एक विशेष सत्र का आयोजन जिला महिला चिकित्सालय में किया जा रहा है जहां विशेष टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। इस खास अभियान के लिये लाभार्थी को अपने कुछ जरूरी मूल कागजातों व उसके छाया प्रति के साथ टीकाकरण स्थल पर आना होगा जिसमें की पहला पासपोर्ट तथा दूसरा वीजा होना अति आवश्यक है। इन कागजातों को वेरीफाई करने के बाद मूल दस्तावेजों की छायाप्रति जमा कर, उस लाभार्थी का टीकाकरण किया जाएगा। साथ ही ठीक 28 में दिन दूसरी डोज का टीका लगाया जाएगा। जिन लोगों ने पहला डोज लगवा ली है और उनके 28 दिन हो चुके हैं वह भी आकर दूसरी डोज लगवा सकते हैं, जिससे कि जनपदवासीयों को विदेश जाने में किसी भी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं आएगी।

यूएनडीपी के डिस्ट्रिक कोल्ड चैन मैनेजर कामाख्या मौर्य ने बताया – मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया है कि जनपद के मुख्यालय स्थित जिला महिला चिकित्सालय में एक विशेष सत्र का आयोजन किया जा रहा है, जहां पर कोविडशील्ड वैक्सीन की व्यवस्था की गयी है। इस व्यक्ति को कोविशील्ड की पहली डोज़ के 28 दिन बाद दूसरी डोज लगा दी जाएगी। उसी तरह जिन्होंने पहला डोज लगवा ली है और उन्हें विदेश जाना है तो उन्हें 28 दिन बाद दूसरी डोज़ से आच्छादित किया जा सकता है।

