वाराणसी में ट्रेन पकड़ने की जल्दी में कार दुर्घटना ग्रस्त, तीन की मौत

वाराणसी। रोहनिया थाना क्षेत्र के वीरभान पुर स्थित नेशनल हाइवे पर प्रयागराज से वाराणसी की तरफ आ रही अल्टो कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद दूसरी लेन पर चली गयी। इसी दौरान डाफी की तरफ से आ रहे अज्ञात वाहन के धक्के से दुर्घटनाग्रस्त कार पलट गई। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दिया तो मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायलों को लोगों की मदद से ट्रामा सेंटर भेजा जहां इलाज के दौरान तीन लोगों की मौत हो गई।
मूलरूप से अदावां, प्रयागराज के रहने वाले शैलेश अपनी मां लीलावती भाई मल्लू और भतीजे चंदन को अल्टो कार से लेकर स्टेशन छोड़ने के लिए पहुंचे। स्टेशन पहुंचे तो ट्रेन छूट जाने के बाद वाराणसी से ट्रेन पकड़ने के लिए चल पड़े।
ट्रेन पकड़ने की जल्दी के कारण तेज रफ्तार से गाड़ी चला रहे थे। इस दौरान राजातालाब के आगे कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद दूसरी लेन में चली गई। जिसमें अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी जिसके बाद क्षतिग्रस्त कार पलट गई। किसी तरह से घायलों को निकालकर ट्रामा सेंटर भेजा गया। जहां शैलेश की हालत गंभीर बनी हुई थी जबकि अन्य तीन लोगों की मौत हो गई।
इंस्पेक्टर रोहनिया प्रवीण कुमार ने बताया कि घरवालों से बातचीत के दौरान पता चला कि शैलेश सिंह अपनी मां को स्टेशन छोड़ने गए थे। जिनको बिहार जाना था लेकिन ट्रेन छूटने के बाद वाराणसी आ रहे थे।

