यूपी में लॉकडाउन में ढील, 1 जून से खुलेंगे बाजार, 600 से ज्यादा केस वाले जिलों को कोई राहत नहीं
उत्तर प्रदेश में संक्रमण के मामलों में लगातार कमी आ रही है…जिसके बाद सूबे की योगी सरकार ने लॉकडान में ढील देने का फैसला लिया है…और ये छूट अगले महीने यानि 1 जून से लागू भी हो जाएंगे. कोरोना कर्फ्यू में ढील एक जून से बाजार खुलेंगे, जबकि शनिवार और रविवार को बाजार बंद रहेंगे यानि हफ्ते में 5 दिन तक बाजार खुले रहेंगे…
यूपी सरकार ने प्रदेश के 55 जिलों की जनता को कोरोना कर्फ्यू से बड़ी राहत देने का फैसला लिया है। इन जिलों में एक जून 2021 की सुबह 7.00 बजे से शाम 7.00 बजे तक हफ्ते के 5 दिन बाजार खुल सकेंगे जबकि शनिवार और रविवार को साप्ताहिक बंदी लागू रहेगी। वहीं, जिन बाकी 20 जिलों में कोरोना संक्रमितों की संख्या 600 से ज्यादा है वहां कोई छूट नहीं दी गई है।

जारी किए गए आदेश के अनुसार, मेरठ, लखनऊ, सहारनपुर, वाराणसी, गाजियाबाद, गोरखपुर, मुजफ्फरनगर, बरेली, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, झांसी, प्रयागराज, लखीमपुर खीरी, सोनभद्र, जौनपुर, बागपत, मुरादाबाद, गाजीपुर, बिजनौर एवं देवरिया में फिलहाल कोई छूट नहीं दी गई है।
साप्ताहिक बंदी के दौरान पूरे प्रदेश में शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में सैनिटाइजेशन व फॉगिंग का अभियान चलाया जाएगा। दुकानों पर दुकानदार व मौजूद अन्य स्टॉफ के लिए कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करना जरूरी होगा। उनके लिए मास्क पहनना, दो गज की दूरी का पालन करना और सैनिटाइजर की व्यवस्था रखना जरूरी होगा।

