सपा विधायक सुभाष पासी पत्नी सहित हुए भाजपाई

लखनऊ। समाजवादी पार्टी व सुभासपा के गठबंधन के बाद अपने को सत्ता के करीब मान रहे सपा नेता को उस समय जोरदार झटका लगा जब उसकी पार्टी के वरिष्ठ नेता और दो बार से गाजीपुर जनपद के सैदपुर विधानसभा से विधायक सुभाष पासी और उनकी पत्नी रीना पासी ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम नरेन्द्र मोदी और योगी आदित्यनाथ के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की। उन्हें उत्तर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने पार्टी की सदस्यता दिलवायी। सुभाष पासी की पत्नी रीना पासवान समाजवादी पार्टी ने कुछ दिनों पहले ही महिला सभा की सचिव बनाया था।
भाजपा मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में भाजपा की सदस्यता लेने के बाद सुभाष पासी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से प्रभावित होकर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए हैं। समाजवादी पार्टी में मुझे वह सम्मान नहीं मिला जो मिलना चाहिए था। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में इस बार फिर भाजपा की सरकार बनेगी। मेरे आने से गाजीपुर के आसपास की सात से आठ सीटों पर भाजपा को जीत मिलेगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कार्यक्रम में फिर से अखिलेश यादव पर हमला किया। उन्होंने कहा कि
सपा के मुखिया कभी कभी ऐसी बात बोल देते हैं जिससे देश के स्वतंत्रता संग्रामी की आत्मा भी झकझोर जाती है। वह महान स्वतंत्रता सेनानियों का अपमान करने का काम करते हैं। जिन्होंने देश के लिए अपना बलिदान और योगदान दिया था। वह ऐसे महान आत्माओं का देश का विभाजन करने वाले जिन्ना से तुलना करते हैं।