अपना जिला

सनबीम स्कूल में सलोनी प्रिया ने बच्चों, टीचर्स व अभिभावकों को सिखाया कई गुर

मऊ। जनपद के अलीनगर स्थित सनबीम स्कूल में कोविड महामारी के पश्चात बदलते शैक्षणिक परिवेश में अध्यापकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों  को सशक्त करने के लिए दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। उक्त कार्यक्रम में देश की सुप्रसिद्ध मनोवैज्ञानिक एवं उम्मीद संस्था की संस्थापक श्रीमती सलोनी प्रिया ने अपने वक्तव्य और संबोधन से छात्रों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को लाभान्वित किया। कार्यक्रम का शुभारम्भ दिनाँक 24 मार्च 2022 को सनबीम स्कूल के सभागार में हुआ। कार्यक्रम के प्रथम सत्र का शुभारम्‍भ विद्यालय के प्रबंधक राकेश गर्ग एवं सलोनी प्रिया द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर किया गया। तत्पश्चात विद्यालय के प्रबंधक राकेश गर्ग ने सलोनी प्रिया का स्वागत पुष्पगुच्छ देकर किया। कार्यक्रम के प्रथम सत्र में सलोनी प्रिया ने शिक्षकों को संबोधित किया। इस सत्र में कोरोना के पश्चात पठन- पाठन में आने वाली समस्याओं तथा उनके समाधान पर विशेष ज़ोर दिया। उन्होंने न केवल बच्चों के बुद्धिलब्धि को महत्व दिया बल्कि सामाजिक लब्धि, परिवर्तन लब्धि और भावनात्मक लब्धि को भी समझने के लिए प्रेरित किया। उक्त सत्र के पश्चात शिक्षकों ने एक नवीन ऊर्जा का अनुभव किया तथा सकारात्मकता से ओतप्रोत नज़र आए। सलोनी प्रिया ने बदलते शैक्षणिक परिवेश को देखते हुए नई शिक्षा नीति से जुड़ी बारीकियों पर भी चर्चा की। उन्होंने  किशोरावस्था में विद्यार्थियों में होने वाले भावनात्मक बदलावों को सही दिशा देने के लिए भी शिक्षकों को गुर सिखाया। कार्यक्रम के दौरान शिक्षा के उद्देश्य तथा कौशल विकास के लिए आवश्यक मानदंडों को क्लासरूम में प्रभावशाली तरीके से लागू करने के लिए भी महत्वपूर्ण सुझाव दिए। कार्यक्रम का दूसरा सायंकालीन सत्र अभिभावकों के लिए रहा जिसमें लगभग 400 से अधिक अभिभावकों ने हिस्सा लिया। अभिभावकों को संबोधित करते हुए सलोनी प्रिया ने बताया कि कैसे आज बदलते परिवेश में बच्चों के पालन- पोषण में अभिभावकों का दायित्व बढ़ता जा रहा है। उन्होंने अपने निजी जीवन के अनुभवों और उदाहरणों से अभिभावकों की समस्त समस्याओं का समाधान प्रस्तुत किया। इस प्रकार के आयोजन से अभिभावकों में अतीव हर्ष का माहौल था । उन्होंने इस तरह की कार्यशाला के आयोजन के लिए विद्यालय परिवार की भूरि – भूरि प्रशंसा की।

उक्त सत्र में अजय कुमार गौतम (IAS), जॉइंट मजिस्ट्रेट, आसिफ़ इक़बाल रिज़वी एडीजे, बतौर अतिथि उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत विद्यालय के प्रबंधकगण विजय अग्रवाल, राकेश गर्ग, गिरिराज शरण अग्रवाल, श्री कृष्ण कुमार अग्रवाल एवम आशीष अग्रवाल ने पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्रम देकर किया। कार्यक्रम के समापन सत्र को संबोधित करते हुए अजय कुमार गौतम जॉइंट मजिस्ट्रेट मऊ,  ने कहा कि बच्चों में नैतिक मूल्यों का रोपण करने के लिए तथा उन्हें देश का एक ज़िम्मेदार नागरिक बनाने के लिए इस प्रकार की कार्यशालाओं की नितांत आवश्यकता है। उन्होंने प्रशासनिक कार्यों में आने वाली सत्य घटनाओं का उदाहरण देते हुए कहा कि आजकल किशोरों में अपराधिक प्रवृत्ति के मामले बढ़ते जा रहे हैं और ऐसा उन्हीं बच्चों में देखा जा रहा है जिनके अभिभावकों ने अपने दायित्वों का निर्वहन सही ढंग से नहीं किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री मिनहाज़ अली हैदर ख़ान ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस कार्यशाला के द्वितीय दिवस में सलोनी प्रिया मैम ने कक्षा बारहवीं के बच्चों को संबोधित किया। उन्होंने बच्चों को कॅरियर के चुनाव में आने वाली समस्याओं का समाधान दिया ताकि बच्चे आत्मविश्‍वास के साथ जीवन में आगे बढ़ सकें। उन्होंने बच्चों को कौशल विकास पर अधिक ज़ोर देने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के समापन सत्र को सम्बोधित करते हुए विद्यालय के प्रबंधक श्री राकेश गर्ग ने सलोनी प्रिया के प्रति आभार प्रकट किया तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *