अपना जिला

सनबीम स्कूल मऊ में मेधा सम्मान समारोह का आयोजन

मऊ । अलीनगर स्थित सनबीम स्कूल में मेधा सम्मान समारोह का आयोजन बृहस्पतिवार को सम्पन्न हुआ। यह सम्मान समारोह ‘प्रोत्साहन’ के नाम से प्रतिवर्ष सनबीम स्कूल द्वारा आयोजित किया जाता है जिसमें प्रत्येक कक्षा में सर्वोच्च स्थान पाने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाता है। कार्यक्रम का शुभारम्भ विद्यालय के प्रबन्धकगण विजय अग्रवाल एवं श्रीमती कीर्ति अग्रवाल, राकेश गर्ग एवं श्रीमती शिवा अग्रवाल,श्री कृष्ण कुमार अग्रवाल एवं ऋतु अग्रवाल तथा  आशीष अग्रवाल एवं श्रीमती शिल्पी अग्रवाल ने माता सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर किया। विद्या की अधिष्ठात्री देवी माता सरस्वती की वंदना प्रस्तुत कर विद्यार्थियों ने सबका मन मोह लिया।  स्वागत भाषण में विद्यालय के प्रबंधक राकेश गर्ग ने अभिभावकों के निरंतर सहयोग एवं विद्यालय के प्रति उनकी निष्ठा के लिए आभार व्यक्त किया। अभिभावकों को सम्बोधित करते हुए उन्होंने अगले पाँच वर्षों में विद्यालय के उत्थान से जुड़ी रूपरेखा भी साझा किया। उन्होंने विद्यालय की ओर से मेधावी छात्रों के लिए स्कॉलरशिप की भी घोषणा की। उनको मिलने वाली स्कॉलरशिप के माध्यम से प्रतिमाह उनके मासिक शुल्क में छूट दी जाती है।  उक्त कार्यक्रम में कक्षा छठवीं से लेकर नौवीं तथा ग्यारहवीं तक के बच्चों को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों को विभिन्न श्रेणियों जैसे रैंक होल्डर, ग्रैंड मास्टर, ल्युमनरी, सुपर ल्युमिनरी, सब्जेक्ट टॉपर आदि में उत्तम प्रदर्शन के लिए प्रशस्ति पत्र एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को रुचिकर बनाने के लिए विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का प्रदर्शन भी विद्यार्थियों द्वारा किया गया। विद्यालय के सभागार में उपस्थित सभी अभिभावकों ने इस कार्यक्रम की भूरि-भूरि प्रशंसा की।कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय की एकेडमिक हेड श्रीमती अंदलीब ज़हेरा  ने सभी अभिभावकों के प्रति अपनी कृतज्ञता प्रकट की। कार्यक्रम का संचालन मान्सी, जाह्नवी, सृष्टि एवं समृद्धि ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *