अपना जिला

सनबीम स्कूल के बच्चों ने प्लास्टिक के उपयोग को बंद करने के लिए लोगों से किया अपील

मऊ। महात्मा गांधी के 150 वें जन्मदिवस पर सनबीम स्कूल मऊ के बच्चों ने जनपद के पांच विभिन्न स्थानों पर जाकर समूचे जनमानस को पर्यावरण के प्रति सतर्क एवं सजग रहने के लिए तथा प्लास्टिक के उपयोग को बंद करने के हेतु से व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया। विद्यालय के बच्चों ने जिला चिकित्सालय, ब्रह्म स्थान, शीतला माता मंदिर,मऊ रेलवे स्टेशन एवं इंदारा रेलवे स्टेशन पर जाकर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों के अंतस में महात्मा गांधी द्वारा दिए गए आदर्शों एवं उनके जीवन चरित को आम लोगों के मध्य साझा किया। बच्चों ने अपने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बताया कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी स्वच्छता के पोषक थे ।बच्चों ने अपने नुक्कड़ नाटक में ‘’बापू ने देखा था सपना स्वच्छ सुनहरा भारत अपना’’ तथा ‘’आओ आओ हाथ बटाएं इस धरती को स्वच्छ बनाएं’’ जैसे नारों के साथ लोगों से संवाद स्थापित किया। वहां उपस्थित जनता ने बच्चों के इस प्रयास की सराहना की एवं उनका खूब उत्साहवर्धन भी किया। बच्चों ने हस्त निर्मित कागज के थैले एवं पुराने कपड़ों के सिले हुए थैले  वहां उपस्थित लोगों एवं दुकानदारों को देकर यह शपथ दिलाई कि वह प्लास्टिक के उपयोग को पूर्णतया बंद करने में अपना संपूर्ण योगदान देंगे। बच्चों ने प्रधानमंत्री मोदी जी द्वारा अक्टूबर को दिए गए संदेश का भी उल्‍लेख किया। ध्यातव्य हो कि सनबीम स्कूल मऊ सदैव से समाज कल्याण एवं जनकल्याण के भाव से अपने बच्चों को जागरूक एवं शिक्षित करता है। विद्यालय के प्रबंधक राकेश गर्ग ने महात्मा गांधी एंव लाल बहादुर शास्‍त्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनको श्रद्धांजलि दी एवं बच्चों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य सर्वजन हिताय की भावना में निहित है। उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जीवन की कुछ प्रमुख घटनाओं पर भी प्रकाश डाला। उक्त अवसर पर विद्यालय प्रांगण में भी स्वच्छता अभियान चलाया गया जिसमें सभी अध्यापक गण एवं विद्यालय परिवार सक्रिय रुप से सहभागी रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *