सपा-बसपा की दोस्ती पर बोले ओमप्रकाश, एक होकर लड़े तो भाजपा को न राम मिलेंगे न माया
◆एससी, एसटी के मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले को सही ठहराया
बस्ती। अपने बयानों से हमेशा सुर्खियों में रहने वाले उत्तर प्रदेश सरकार के गठबंधन दल के नेता, कैबिनेट मंत्री भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर वृहस्पतिवार को बस्ती मंडल में दिये अपने नये बयान को लेकर चर्चा में हैं। श्री राजभर ने न सिर्फ एससी, एसटी के मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले को सही ठहराया बल्कि सपा-बसपा गठबंधन व यूपी सरकार के प्रशासनिक कार्यशैली पर भी सवाल उठाया। इतना ही नहीं वे भाजपा मुखिया से गठबंधन के नाम पर भी खुलकर बात की।
आइये आपको सिलसिलेवार बताते हैं कि क्या कहा भासपा मुखिया ओमप्रकाश राजभर ने।
वे बस्ती में बातचीत के दौरान नए बयान के साथ सुर्खियों में है। ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि उत्तर प्रदेश के ड्राइवर नये हैं। बेहतर तरीके से गाड़ी चलाना चाहते हैं। लेकिन क्या करें मशीन तो पुरानी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी का नेतृत्व अच्छा है लेकिन अधिकारी अपना मनमाना कर रहे हैं वह सरकार को बदनाम करने में लगे हैं। किसी की नहीं सुन रहे हैं अधिकारी न काम कर रहे हैं और ना ही किसी को करने दे रहे हैं। श्री राजभर ने कहा कि यूपी के अधिकारी मुख्यमंत्री सहित अन्य को गुमराह करके सिर्फ मलाई काट रहे हैं। उन्होंने सरकार पर टिप्पणी करते हुए कहा कि एससी एसटी एक्ट के मामले में सुप्रीम कोर्ट का समर्थन करना चाहिए। पिछड़ा वर्ग में भी पिछड़ा अति पिछड़ा और सर्वाधिक पिछड़ा को तीन वर्गों में अलग-अलग, अगर सरकार नहीं करती है तो सरकार की दुर्दशा हो जाएगी आगामी लोकसभा के चुनाव के बारे में चर्चा करते हुए श्री राजभर ने कहा कि अगर सपा बसपा एक होकर चुनाव लड़ती है तो भाजपा को न राम मिलेंगे और नहीं माया। उन्होंने कहा कि बसपा अध्यक्ष मायावती और सपा के मुखिया अखिलेश यादव की तरह चुनाव में मेरा भी कोई कुछ नहीं बिगाड़ पाएगा। अलबत्ता भाजपा का बदतर हाल होगा। श्री राजभर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से 2024 तक उनका साथ निभाने का वादा हुआ है वह जब तक चाहेंगे साथ रहेंगे उन्होंने कहा कि भासपा को लोकसभा चुनाव में किसी सीट की जरूरत नहीं है बल्कि हम खुद काफी हैं अपनी पार्टी और समाज की रक्षा की सुरक्षा के लिए।

