बहकावे में कभी न आना सोच-समझकर बटन दबाना
मधुबन, मऊ। शिक्षा क्षेत्र फतहपुर मंडाव के मधुबन नगर पंचायत स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय व बीआरसी परिसर से विभिन्न परिषदीय विद्यालयों के अध्यापकों, कर्मचारियों व छात्र-छात्राओं ने संयुक्त रूप से शुक्रवार को स्कूल चलों अभियान व मतदाता जागरूकता रैली निकाली। रैली को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ओपी त्रिपाठी व खण्ड शिक्षा अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मतदाता जागरूकता रैली स्थानीय कस्बा से होते हुए दुबारी मोड़ तक पहुंची।लोक सभा चुनाव में मतदान का प्रतिशत बढ़ाने के लिए लोगों को जागरूक किया गया। इस दौरान रैली में शामिल छात्रों ने विभिन्न तरह के दिए गए अपने नारे में कहा गया कि चाहे नर हो या नारी मतदान करना है सबकी जिम्मेदारी, ना कोई बंधन ना कोई बहाना होगा वोट डालने जाना होगा।बहकावे में कभी न आना सोच-समझकर बटन दबाना। वोट डालने डालने जाना है अपना फर्ज निभाना है। गांव की पहचान के लिए करेंगे मतदान, जाति-धर्म से दूर रहकर करेंगे मतदान। इसके पूर्व राष्ट्रीय बाल-विज्ञान कांग्रेस व विज्ञान प्रदर्शनी में प्रतिभाग करने वाले छात्रों को सम्मानित किया गया। मतदाता जागरूकता रैली में मुख्य रूप से जनार्दन सिंह, महेन्द्र कुमार, राधेश्याम पांडेय, जिला स्काउट मास्टर ओमप्रकाश मौर्य, दिलीप कुमार सिंह समेत दर्जनों शिक्षक उपस्थित रहे।

