खाद्यान्न पाकर आह्लादित हुई मलिन थारू बस्ती, 95 को किट 125 का स्वास्थ्य परीक्षण

मऊ। नगर से सटी मलिन थारू बस्ती में रविवार का दिन उत्साह से भरा रहा। शारदा नारायण वेलफेयर ट्रस्ट एवं ॐ कोशिश द्वारा आयोजित कार्यक्रम में राशन किट वितरण एवं निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान 95 परिवारों को संपूर्ण खाद्यान्न किट एवं 125 लोगों का परीक्षण कर उन्हें निशुल्क दवाएं प्रदान की गई।
इस अवसर पर प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. संजय सिंह ने कहा कि मूलभूत सुविधाओं से कटी थारू बस्ती के उन्नयन की दिशा में निरंतर प्रयास किया जा रहा है। स्वास्थ्य परीक्षण एवं खाद्य वितरण उसी बदलाव का एक सार्थक अंग है। सर्वांगीण विकास की अवधारणा को मूर्त रूप देने के लिए समाज के सभी वर्ग को आगे आने की जरूरत है। वरिष्ठ भाजपा नेता विजय प्रताप सिंह ने कहा कि मूलभूत सुविधाओं से वंचित इस बस्ती में शारदा नारायण हॉस्पिटल और ॐ कोशिश द्वारा किया जाने वाला प्रयास स्तुत्य है। निरंतर इस दिशा में कार्य करने की आवश्यकता है। क्रिटिकल केयर स्पेशलिस्ट डॉ. सुजीत सिंह ने कहा कि लगातार हो रहे कार्यों के परिणाम स्वरूप थारू बस्ती में सार्थक बदलाव देखने को मिल रहा है। इस क्रम को निरंतर बनाए रखने पर कुछ ही वर्षों में यह समाज की मुख्यधारा से जुड़ जाएगा। समाजसेवी कोशिश प्रमुख पुरुषार्थ सिंह ने आगंतुकों का स्वागत करते हुए कहा कि सबका साथ सबका विकास की अवधारणा को थारू बस्ती में मूर्त रूप देने की आवश्यकता है। इस दिशा में समाजसेवियों के साथ सरकारी उपक्रमों के सहयोग की भी आवश्यकता है। इस दौरान समाजसेवी विजय सिंह, अधिवक्ता/ वरिष्ठ पत्रकार विकास सिंह निकुम्भ, ऋषिकेश सिंह, हरेराम सिंह, हामिद, मनीष सिंह, प्रदीप यादव आदि ने तत्परता से कार्यक्रम का प्रबंधन किया। भारत माता की जय के उद्घोष के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।

