Uncategorized

छह बाइक, 11 हमलावर, एक युवक का अपहरण कर, हाकी-लाठी व राड से मार किया अधमरा

मऊ। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार भले ही यूपी में अपराध और अपराधियों पर चाहे जितना अंकुश लगाने का दावां कर ले, लेकिन कुछ लोग ऐसे अराजकता फैलाने वाले हैं जिनका कृत्य देख कर हर इंसान कांप जाएगा। वैसे तो अपराध पर सरकार ने काफी हद तक काबू पा लिया है लेकिन ऐसे अपराधी जो समाज को और पुलिस प्रशासन को अपने घृणित कारनामे से शर्मसार कर रहे हैं ऐसे लोगों को जितना सख्त से सख्त सजा दिया जाए कम है।

मऊ जनपद के रानीपुर थाना क्षेत्र के धर्मसीपुर गांव स्थित नलकूप पर सो रहे 22 वर्षीय युवक का छह बाइकों पर सवार 11 लोगों ने गुरुवार की दोपहर करीब 12 बजे अपहरण कर लिया। दो किलोमीटर दूर बगीचे में ले जाकर हाकी-लाठी व राड से जानलेवा हमला किया। पीड़ित परिवार के हस्तक्षेप पर खुरहट चौकी पुलिस सक्रिय हुई तो अपहर्ता गंभीर रूप से घायल युवक को छोड़कर फरार हो गये। पुलिस रानीपुर चिकित्सालय ले गयी। वहां हालत गंभीर देख रेफर कर दिया गया। इस मामले में युवक के नाना मिट्ठू यादव ने चार नामजद व सात अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की तहरीर दी है।

निखिल यादव (22) पुत्र रविन्द्र यादव का धर्मसीपुर गांव में ननिहाल है। यहां नेवासा होने के चलते वह बचपन से ही अपने नाना के साथ रहता है। उसके नाना मिट्ठू यादव डीआईजी आजमगढ़ के फालोअर से सेवानिवृत्त हैं। मिट्ठू यादव ने बताया कि गांव के ही करजौली मौजे में उनका नलकूप है। उनका नाती निखिल खेत में पानी चलाने के उद्देश्य से वहां गया था। वह नलकूप में सो रहा था कि दोपहर में छह बाइकों से 11 लोग वहां पहुंचे और निखिल को जबरदस्ती मारते-पीटते अपहरण कर ले गये। इसकी जानकारी किसी ने दी तो वे भागे-भागे नलकूप पर पहुंचे। वहां से खुरहट पुलिस चौकी पर आकर सूचना दिये। दीवान संतोष पाठक व विनोद यादव सक्रिय हुए तो पता चला कि अपहर्ता मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के मीरपुर बगीचे में हैं। पुलिस ने नाना द्वारा धर्मसीपुर गांव के पवन यादव के घटना में शामिल होने की बात कहने पर उसे फोन किया तो हमलावरों के होश उड़ गए और वे घायल युवक को छोड़कर भाग खड़े हुए। गंभीर रूप से घायल युवक को उसके नाना व पुलिसकर्मी लेकर रानीपुर थाने पहुंचे। वहां युवक के नाना ने अपने गांव के पवन यादव के अलावा रानीपुर थाना क्षेत्र के महासो गांव निवासी अमरजीत पाल, मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के मीरपुर रहीमाबाद निवासी विजय यादव व पंकज यादव के खिलाफ नामजद व सात अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की तहरीर दी। उधर गंभीर रूप से घायल निखिल को रानीपुर स्वास्थ्य केंद्र से रेफर किये जाने के बाद पुलिस संग परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुहम्मदाबाद गोहना लेकर पहुंचे। वहां उसे भर्ती कराया गया। 

रानीपुर थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार का कहना है कि घायल युवक का मेडिकल कराया गया है। उसके नाना की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा लिखा जा रहा है। कानून हाथ में लेने की जुर्रत करने वाले आरोपी किसी भी सूरत में बख्शे नहीं जाएंगे। उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जायेगा।

सबसे बड़ी चौंकाने वाली बात यह है कि अपराधियों के इस विभत्स घटना के बाद भी पुलिस ने अभी तक किसी भी हमलावर को पकड़ने की जुर्रत नहीं कर पाई है और ना ही कोई दबिश दे पाई है। जबकि वर्षों पुलिस विभाग में डीआईजी के आवास पर फालोअर के रूप में सेवा करने वाले मिठ्ठू यादव यह सोच रहे होंगे कि कैसा दिन आ गया है 24 घण्टा से ज्यादा का समय बीत गया और थानाध्यक्ष रानीपुर से जब इस मामले में शुक्रवार को 03:45 पर फोन कर पूछा गया इस मामले में क्या हुआ तो उन्होंने बताया मुकदमा पंजीकृत है अभी कोई गिरफ्तारी नहीं है। छोटे-छोटे मामलों में पुलिस की तेज होती कार्रवाई और इतने बड़े गंभीर मामले में पुलिस की धीमी रफ्तार समझ से परे है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *