लाॅक डाउन : आज मऊ पहुचेगी प्रवासियों से भरी आधा दर्जन श्रमिक एक्सप्रेस ट्रेन
■ लुधियाना, जालन्धर, अहमदाबाद, बांद्रा व बोरीबली मुम्बई से पहुचेंगी श्रमिक एक्सप्रेस ट्रेन
मऊ जंक्शन पर प्रवासियों का महाकुम्भ
मऊ। उत्तर प्रदेश के मऊ जँ. रेलवे स्टेशन पर देश के विभिन्न महानगरों से पूर्वांचल के प्रवासियों से भरी छः श्रमिक एक्सप्रेस ट्रेन आज शुक्रवार को पहुचने वाली है।
जानकारी देते हुए स्टेशन अधीक्षक ददन राम व आरपीएफ इंसपेक्टर डीके राय ने बताया कि पूर्व घोषित तीन श्रमिक एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 04456 लुधियाना, ट्रेन संख्या 04450 जालन्धर व ट्रेन संख्या 09245 अहमदाबाद से आने वाली थी। इसके साथ ही महाराष्ट्र मुंबई महानगर के उपनगर बांद्रा से 2 ट्रेनें व बोरीवली से एक ट्रेन मिलाकर तीन ट्रेनें जो गोरखपुर पहुंचने वाली थी। उन ट्रेनों को मऊ जँ. पर डायवर्ट करने का आदेश जारी कर दिया गया है।
अपर मुख्य सचिव गृह के प्रस्ताव पर गोरखपुर की तीन ट्रेनें मऊ को डायवर्ट
गोरखपुर से डायवर्ट ट्रेनों के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए पूर्वोत्तर रेलवे के रेल यात्री परामर्शदात्री समिति सदस्य श्रीराम जायसवाल ने बताया कि महाराष्ट्र के मुंबई से गोरखपुर पहुंचने वाली 3 ट्रेनों के बाबत अपर मुख्य सचिव गृह उत्तर प्रदेश अवनीश अवस्थी के प्रस्ताव पर पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर द्वारा उक्त तीनों ट्रेनों को मऊ के लिए डायवर्ट कर दिया गया है। इस प्रकार शुक्रवार की सुबह से लेकर शाम तक कुल छह ट्रेनें मऊ जंक्शन रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। इन ट्रेनों में पूर्वांचल के मऊ, आजमगढ़, गाजीपुर, बलिया, सिद्धार्थनगर, गोरखपुर व देवरिया सहित विभिन्न जनपदों के देश के विभिन्न महानगरों में रहने वाले प्रवासियों से भरी यह ट्रेनें मऊ जँ. पहुचेंगी।
(श्रीराम जायसवाल )

