प्रसपा मुखिया शिवपाल सिंह यादव क्या समाजवादी पार्टी में शामिल हो गये ?

@ आनन्द कुमार…
प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के मुखिया यूपी सरकार के पूर्व मंत्री शिवपाल सिंह यादव क्या समाजवादी पार्टी में शामिल हो गये हैं ? या फिर अभी भी अपने प्रसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हुए हैं। यह सवाल इसलिए उठाना पड़ रहा है क्योंकि समाजवादी पार्टी के प्रमुख महासचिव प्रोफेसर रामगोपाल यादव ने सोमवार को पार्टी के 10 लोगों की सूची जारी करते हुए उन्हें विधानसभा चुनाव में स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल करने हेतु सचिव निर्वाचन आयोग भारत सरकार को एक पत्र भेजा है। उपरोक्त जारी सूची में पहले नंबर पर विधायक व पूर्व मंत्री शिवपाल सिंह यादव का नाम है। शिवपाल यादव अपनी पार्टी प्रगतिशील समाजवादी पार्टी से समाजवादी पार्टी का गठबंधन किए थे और उन्होंने जसवंतनगर सीट से सपा के साइकिल सिंबल से ही नामांकन किया है।
ऐसे में प्रोफेसर रामगोपाल यादव द्वारा जारी सूची में उन्हें रिप्रजन्टेशन ऑफ़ द पीपुल एक्ट 1951 के सेक्शन 77 के प्रावधानों के अंतर्गत समाजवादी पार्टी के नेताओं के नाम के साथ उल्लिखित किया गया है। तो क्या शिवपाल यादव समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए हैं या फिर अभी वह अपनी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हुए हैं? इसके अलावा सूची में पूर्व सांसद राष्ट्रीय महासचिव सपा रमाशंकर विद्यार्थी राजभर, राष्ट्रीय अध्यक्ष समाजवादी सांस्कृतिक प्रकोष्ठ काशीनाथ यादव, मऊ जनपद के कोपागंज निवासी राष्ट्रीय कार्यकारिणी समाजवादी पार्टी के सदस्य अल्ताफ अंसारी, पूर्व विधायक जगदंबा सिंह पटेल, मिर्जापुर के जवाहरलाल मौर्या, बलिया के पूर्व विधायक सनातन पांडेय, भदोही के पूर्व जिला अध्यक्ष आरिफ सिद्दीकी, प्रदेश सचिव समाजवादी युवजन सभा उत्तर प्रदेश हरीश नारायण सिंह व पूर्व विधायक मोनू राम सोनकर का नाम शामिल है। ऐसे में प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के मुखिया और सपा गठबंधन के प्रत्याशी जसवंत नगर विधानसभा सीट से प्रत्याशी शिवपाल सिंह यादव क्या अब अपनी पार्टी का अंदर खाने में विलय कर चुके हैं? या फिर उनकी पार्टी अभी भी अस्तित्व में है? आज प्रो. रामगोपाल यादव के द्वारा जारी सूची के बाद यह सवाल उठने लगे हैं।





