शक्ति सिंह की पहल से छात्राओं को राहत
मऊ। राजकीय महिला महाविद्यालय में छात्राओं की सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य, पश्चिम बंगाल प्रभारी और दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष शक्ति सिंह ने पहल की है। उन्होंने महाविद्यालय में छात्राओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कुर्सियां, वाटर कूलर और बारिश से बचाव के लिए छतरियां उपलब्ध कराई हैं।
शक्ति सिंह ने अपने जन्मदिन पर राजकीय महिला महाविद्यालय को गोद लेने की घोषणा की थी। इसके बाद से वह महाविद्यालय की जरूरतों के अनुसार लगातार सहयोग कर रहे हैं। गर्मी में छात्राओं को ठंडा पानी मिल सके, इसके लिए वाटर कूलर लगाया गया है। बरसात के दौरान छात्राओं को आने-जाने में परेशानी न हो, इसके लिए छतरियां दी गई हैं। वहीं, बैठने की सुविधा बढ़ाने के लिए अतिरिक्त कुर्सियों की भी व्यवस्था की गई है।

शक्ति सिंह ने कहा कि सरकार की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ शिक्षण संस्थानों तक पहुंचना जरूरी है, लेकिन समाज के जागरूक और जिम्मेदार लोगों को भी अपनी भूमिका निभानी चाहिए। उनके मुताबिक, शिक्षा के क्षेत्र में किया गया छोटा सा प्रयास भी आने वाली पीढ़ी के भविष्य को बेहतर बनाने में अहम योगदान दे सकता है।

उन्होंने कहा कि राजनीति और सामाजिक जीवन की सार्थकता तभी है, जब समाज की जरूरतों को समझकर जमीन पर काम किया जाए। शक्ति सिंह ने कहा, “छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक माहौल और मूलभूत सुविधाएं मिलें, यही हमारा उद्देश्य है। सरकारी प्रयासों के साथ हम अपनी ओर से भी हर संभव सहयोग करते रहेंगे।”
मऊ के विकास को लेकर उन्होंने शिक्षा, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा, “हमें अपने मऊ में अपराध के कीचड़ को साफ करके विकास की गंगा बहानी है। मऊ की पहचान अपराध और भय से नहीं, बल्कि शिक्षा, विकास, रोजगार और बेहतर भविष्य से हो—यह हमारा संकल्प होना चाहिए।”
शक्ति सिंह ने युवाओं से भी समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनसेवा को सिर्फ राजनीति का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक दायित्व के तौर पर देखा जाना चाहिए। राजकीय महिला महाविद्यालय में किया गया यह प्रयास इसी सोच का हिस्सा है।
शक्ति सिंह लंबे समय से छात्र और युवा राजनीति से जुड़े रहे हैं। वह दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष हैं और वर्तमान में भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य तथा पश्चिम बंगाल प्रभारी के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

