धर्म

संत शिरोमणि श्री गणिनाथ जी महाराज के जन्मोत्सव पर मऊ में भव्य आयोजन, सामाजिक एकता का दिया संदेश

मऊ। अखिल भारतीय मद्धेशिया वैश्य सभा, मऊ नगर के तत्वावधान में संत शिरोमणि श्री गणिनाथ जी महाराज के जन्मोत्सव के अवसर पर ब्रह्मस्थान स्थित मद्धेशिया वैश्य अतिथि भवन में भव्य धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के हजारों लोगों ने सहभागिता कर संत गणिनाथ जी महाराज का पूजन अर्चन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातःकाल हवन-पूजन के साथ हुआ, जिसे वेद प्रकाश आर्य ने संपन्न कराया। इसके उपरांत सुंदरकांड पाठ एवं आरती का आयोजन किया गया। धार्मिक अनुष्ठानों के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। भक्तों ने संत गणिनाथ जी महाराज की जय के साथ समाज में एकता — समाज की शक्ति का जयघोष किया।

इस अवसर पर अखिल भारतीय मद्धेशिया वैश्य सभा के नगर अध्यक्ष संजय मद्धेशिया ने समाज के लोगों से एकजुट रहने तथा सामाजिक एकता को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक शक्ति उसकी एकता और संगठन में निहित होती है।

कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के नगर अध्यक्ष एवं मद्धेशिया समाज के महामंत्री विनोद कुमार गुप्ता ने समाज के लोगों से अपनी एकजुटता एवं संख्या बल को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में समाज को अपनी राजनीतिक पहचान और भागीदारी मजबूत करने के लिए संगठित होकर प्रयास करना चाहिए।

इस अवसर पर नगर कोषाध्यक्ष राकेश मद्धेशिया, वेद प्रकाश आर्य, राधेकांत मद्धेशिया, डॉ. रामगोपाल गुप्ता, रामदास गुप्ता, पारस, कुबेर, गोविंद मद्धेशिया, जगदीश, गिरीश, उमेश चंद्र गुप्ता, रोशन मद्धेशिया, मनीष गुप्ता, गौरव कुमार मद्धेशिया, गुड्डू मद्धेशिया, नरेंद्र मद्धेशिया सहित समाज के हजारों लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मद्धेशिया समाज के लोगों की सहभागिता ने सामाजिक एकता, संगठन और सामूहिक शक्ति का संदेश दिया। पूरे आयोजन में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का वातावरण बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *