शब्द मसीहा : आठवाँ फेरा
”पापा जी ! आज मम्मी का आखिरी कीमो है । आपकी तबीयत भी ठीक नहीं है । आप आराम कीजिये , हम लोग मम्मी को घर ले आएंगे ।” बहू ने ससुर से कहा ।
“नहीं , बेटी ! मैं उसे जानता हूँ । मैंने उसके साथ जिंदगी गुजारी है । बहुत तकलीफ सही है उसने । ये बुखार कोई माने नहीं रखता उसके तप के सामने और तुम तो जानती हो कि आजकल वो बहुत निराश भी है । उसे मेरी जरूरत है । ” और उन्होने बिस्तर से उठकर कपड़े पहनना शुरू कर दिये ।
बाहर गाड़ी में बेटा और पोती इंतजार कर रहे थे । वे गाड़ी में जाकर बैठ गए और अस्पताल पहुंचे ।
“अरे! कांता, तुम तो यार अकेले यहाँ मजे कर रही हो । अब जी भरा या नहीं तुम्हारा ? मुझे देखो मैं अकेला जल रहा हूँ तुम्हारे बिना । ” बाबू जी बोले ।
“तुम फिर आ गए मुझे सताने । कम से कम बेटे -बहू का तो ख्याल करो ।” पत्नी कांता ने कहा ।
“हा हा हा ….यार! तुम्हारे बाप का ख्याल नहीं किया तो इनसे क्या डरना । तुम्हें घर ले जाने आया हूँ । ” और उन्होने पत्नी के कंधे को सहारा देकर उठाने की नाकाम कोशिश की । पत्नी ने जैसे ही गरम हाथों का स्पर्श पाया तो घबराते हुए बोली -“ये क्या है जी ? इतने बुखार में भी चले आए ।”
“जानम, ये इश्क का बुखार है । अभी तो आठवाँ फेरा बाकी है ।”
पत्नी उठीं और उनका सहारा लेकर खड़ी हो गईं । यह सप्तपदी नहीं आठवें फेरे की खूबसूरती थी ।

