घोसी में सुभासपा का सियासी शंखनाद, फागू सिंह को प्रभारी बनाकर चुनाव का दिया बड़ा संदेश
घोसी में सुभासपा का बड़ा सियासी दांव: फागू सिंह को प्रभारी बनाकर 2027 की लड़ाई का दिया संकेत
@ आनन्द कुमार…
मऊ। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) ने घोसी विधानसभा क्षेत्र की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है। पार्टी प्रमुख ओमप्रकाश राजभर द्वारा अपने प्रतिनिधि फागू सिंह को घोसी विधानसभा का प्रभारी नियुक्त किए जाने के बाद राजनीतिक गलियारों में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह नियुक्ति केवल संगठनात्मक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि घोसी और मधुबन विधानसभा क्षेत्रों में सुभासपा की बढ़ती सक्रियता का स्पष्ट संकेत है। घोसी विधानसभा सीट विधायक सुधाकर सिंह के निधन के बाद रिक्त है और समाजवादी पार्टी उनके पुत्र सुजीत सिंह को आगे बढ़ाने की तैयारी में दिखाई दे रही है। ऐसे में सुभासपा द्वारा फागू सिंह को प्रभारी बनाना भविष्य की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।
चर्चा यह भी है कि यदि भविष्य में घोसी विधानसभा में उपचुनाव की स्थिति बनती है तो सुभासपा पहले से ही अपनी राजनीतिक जमीन तैयार करना चाहती है। हालांकि फिलहाल उपचुनाव को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा या सरकारी स्तर पर चर्चा नहीं है, लेकिन पार्टी की सक्रियता संभावित राजनीतिक समीकरणों की ओर इशारा कर रही है।
राजनीतिक जानकारों के अनुसार सुभासपा पिछले कुछ समय से सामाजिक समीकरणों के आधार पर अपनी रणनीति तैयार कर रही है। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले मऊ जनपद की चारों विधानसभा सीटों पर भाजपा, सुभासपा और निषाद पार्टी के बीच सीटों को लेकर दावेदारी देखने को मिल सकती है। वहीं गठबंधन के तहत सीटों के बंटवारे को लेकर भी कई संभावनाएं बनी हुई हैं।
घोसी सीट पर फागू सिंह की सक्रियता और ओमप्रकाश राजभर से उनकी नजदीकी को देखते हुए माना जा रहा है कि यदि गठबंधन स्तर पर सुभासपा को यह सीट मिलती है तो उनकी दावेदारी मजबूत हो सकती है। दूसरी ओर समाजवादी पार्टी, बसपा और भाजपा की रणनीति भी इस सीट पर चुनावी समीकरणों को प्रभावित करेगी।
राजनीतिक जानकारों का कहना है कि घोसी का चुनाव केवल तैयारियों से नहीं बल्कि चुनावी रणनीति और राजनीतिक चूकों से भी प्रभावित हो सकता है। फिलहाल उपचुनाव को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है, लेकिन 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले घोसी की राजनीति में सुभासपा की यह चाल आने वाले समय में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।

