मधुबन पर सुभासपा की नजर, डॉ. संतोष पांडेय को प्रभारी बनाकर 2027 का दिया सियासी संदेश
मऊ। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) ने मधुबन विधानसभा क्षेत्र का प्रभारी डॉ. संतोष पांडेय को नियुक्त कर राजनीतिक हलकों में नई चर्चा छेड़ दी है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि मधुबन विधानसभा सीट आगामी चुनाव में पूर्वांचल की सबसे चर्चित और वीआईपी सीटों में शामिल हो सकती है। भाजपा, समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और बहुजन समाज पार्टी समेत सभी प्रमुख दलों के कई मजबूत दावेदार इस सीट पर सक्रिय हैं। ऐसे में सुभासपा द्वारा डॉ. संतोष पांडेय को प्रभारी बनाए जाने को पार्टी की गंभीर चुनावी तैयारी और मजबूत दावेदारी के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
मऊ जिले की चार विधानसभा सीटों में सुभासपा की विशेष रुचि घोसी और मधुबन सीट पर मानी जा रही है। राजनीतिक जानकारों के अनुसार पार्टी भविष्य की रणनीति को ध्यान में रखते हुए संगठनात्मक ढांचा मजबूत करने में जुटी है। वहीं, गठबंधन राजनीति के तहत अधिक से अधिक सीटों पर अपनी दावेदारी पेश करने की तैयारी भी इस कदम के पीछे मानी जा रही है।
सूत्रों की मानें तो विधानसभा प्रभारियों की यह नियुक्ति केवल संगठन विस्तार का हिस्सा नहीं है, बल्कि आगामी चुनाव में सीटों के बंटवारे के दौरान सुभासपा की राजनीतिक ताकत और प्रभाव को प्रदर्शित करने की रणनीति भी हो सकती है। राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा भी है कि वर्ष 2027 के चुनाव में सीटों को लेकर सुभासपा और निषाद पार्टी की मांगों के चलते भाजपा को गठबंधन प्रबंधन में काफी मशक्कत करनी पड़ सकती है।
फिलहाल डॉ. संतोष पांडेय की नियुक्ति ने इतना जरूर स्पष्ट कर दिया है कि सुभासपा मधुबन विधानसभा सीट को लेकर पूरी तरह गंभीर है और चुनावी बिसात पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराने की तैयारी में जुट गई है।

