आवाम की आवाज लाठी से दबा रही भाजपा सरकार : वरुण सिंह

मऊ। वर्तमान सरकार आम जनता की आवाज लाठी व फर्जी मुकदमों के आधार पर दबाना चाहती है। जिसके खिलाफ समाजवादी पार्टी कार्यकर्ता कमर कसकर मैदान में उतर चुका है। सपा कार्यकर्ता आने वाले विधानसभा चुनाव में इस दमनकारी सरकार को उखाड़ फेकेंगे। उपरोक्त बातें समाजवादी पार्टी युवजन सभा के प्रदेश सचिव वरुण सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा।
मंगलवार की देर शाम मऊ यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं द्वारा किये गए स्वागत सम्मान के बाद अपने विचार व्यक्त करते हुए युवजनसभा प्रदेश सचिव वरुण सिंह ने कहाकि वर्ष 2022 में नौजवानों के अंदर सत्ता परिवर्तन की लड़ाई का जो जुनून दिख रहा है उससे लगने लगा है कि अब अखिलेश सरकार आने वाली है। प्रदेश में केवल विपक्ष का दमन मुकदमे और लाठी से किया जा रहा है। इस सरकार ने तो अंग्रेजी हुकूमत को भी पीछे छोड़ दिया है। आज कमरतोड़ महगाई, युवाओं में बेरोजगारी व आमजन में कानून व्यवस्था के प्रश्न पर यह सरकार चारों तरफ़ से फेल हो गई है। उत्तर प्रदेश की आवाम काफी आशावान निगाहों से अखिलेश यादव की तरफ देख रही है। जिनके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश को फिर से उत्तम प्रदेश बनाया जा सकेगा।
समाजवादी पार्टी युवजनसभा के नवनियुक्त प्रदेश सचिव वरुण सिंह के जनपद मऊ आगमन पर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने ग्राम प्रधान कोटवा कोपरा राजकुमार यादव उर्फ वकील, सोनू कुमार, अनुज सिंह बागी, फूल बदन यादव, शादाब खान, असरारुल हक अंसारी के नेतृत्व में मंगलवार की देर शाम मऊ कार्यालय पर स्वागत किया गया।


