भूतपूर्व सैनिको ने राष्ट्रवाद का किया आह्वान, बोले देशहित सर्वोपरि, राष्ट्र से बड़ा कोई नहीं

मऊ। परदहां ब्लाक क्षेत्र के ताजोपुर में स्थित सैनिक ग्रुप ऑफ़ इंस्टीट्यूशंस के प्रांगण में रविवार को एकत्र हुए भूतपूर्व सैनिकों ने राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता के लिए सर्वस्व न्योछावर करने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए देशहित को सर्वोपरि बताया। रिटायर्ड फौजियों के वन्देमातरम एवं भारत माता की जयकारे से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो गया।
भूतपूर्व सैनिक सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए सैनिक ग्रुप ऑफ़ इंस्टीट्यूशंस के प्रबंधक सेवानिवृत ब्रिगेडियर डा.पीएन सिंह ने कहा कि एक सैनिक अपने युवावस्था में देश की सेवा करता है। तमाम विषम परिस्थितियों को झेलते हुए माँ भारती के सम्मान की रक्षा के लिए कोई सैनिक शून्य से नीचे के तापमान में सियाचिन बॉर्डर पर बर्फीले तूफान को सहता है तो कोई सैनिक राजस्थान के तपती रेत में रेतीले तूफान के बीच दुश्मन के नापाक इरादों पर पानी फेरते हुए अपने प्राणों की आहुति सहर्ष दे देता है, लेकिन देश का सम्मान नहीं झुकने देता। एयर फ़ोर्स से सेवानिवृत स्काड्रन लीडर राखी अग्रवाल ने अपने सम्बोधन में कहा कि वक्त की मांग है राष्ट्रहित, कुछ विशेष लोग हमारे देश के भीतर रह कर देश की सम्प्रभुता एवं अखंडता खत्म करने के लिए मीठे जहर के रूप में कार्य कर रहे हैं। हम भले ही सेवानिवृत हैं लेकिन जागृत रह कर देश के आन, बान और शान के लिए आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रद्रोहियों का पहचान कराकर देश की सच्ची सेवा करने का प्रण लेना होगा। सुश्री अग्रवाल के इस आह्वान पर उपस्थित सैनिकों ने भारत माता की जय, वन्देमातरम का उद्घोष कर उनका समर्थन किया। इस अवसर पूर्व सैनिक परमात्मा सिंह , सभाजीत सिंह , सैनिक कल्याण बोर्ड के पूर्व जिलाध्यक्ष शिव बचन राजभर, कर्नल डीपी सिंह, सुरेंद्र, नन्दलाल सिंह , मंगला आदि समेत सैकड़ों सेवानिवृत सैनिक मौजूद रहे।



