मंडल रेल प्रबंधक ने किया बनारस–प्रयागराज रेल खंड का संरक्षा निरीक्षण
० मकर संक्रांति व माघ मेला को लेकर झूंसी व प्रयागराज रामबाग स्टेशनों पर व्यवस्थाओं की समीक्षा
वाराणसी, 15 जनवरी 2026। पूर्वोत्तर रेलवे, वाराणसी मंडल के मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने 15 जनवरी 2026 को अपने एक दिवसीय निरीक्षण कार्यक्रम के तहत बनारस–प्रयागराज रामबाग रेल खंड का विंडो ट्रेलिंग संरक्षा निरीक्षण किया। साथ ही मकर संक्रांति स्नान पर्व एवं माघ मेला के अवसर पर श्रद्धालु यात्रियों की सुविधा और प्रबंधन को लेकर झूंसी एवं प्रयागराज रामबाग रेलवे स्टेशनों का गहन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने रेल पटरियों, सिग्नल एवं दूरसंचार व्यवस्था, ओवरहेड उपकरण, समपार फाटकों तथा ट्रेनों के सुरक्षित और सुचारु परिचालन की विस्तृत समीक्षा की। सबसे पहले वे झूंसी रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां उन्होंने मेला यात्रियों के लिए की गई व्यवस्थाओं, अस्थायी आश्रय शिविरों तथा कर्मचारियों की मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया और सभी व्यवस्थाओं को निरंतर दुरुस्त बनाए रखने के निर्देश दिए।
झूंसी स्टेशन यार्ड में सिग्नलिंग प्रणाली के विभिन्न उपकरणों, लोकेशन बॉक्स, रिले कांटेक्ट, बैटरी चार्जर, ट्रैक सर्किट, केबल कनेक्शन एवं अर्थिंग व्यवस्था की तकनीकी जांच की गई, जो मानकों के अनुरूप संतोषजनक पाई गई। इसके पश्चात मंडल रेल प्रबंधक ने माघ मेला स्पेशल पावर कार एवं रेल इंजनों का निरीक्षण कर विद्युत आपूर्ति, सुरक्षा मानकों, स्वच्छता और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की तथा आवश्यक सुधारात्मक निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने झूंसी एवं दारागंज के मध्य स्थित ब्रिज संख्या 111 का पुश ट्रॉली से निरीक्षण किया। पुल की संरचनात्मक स्थिति, ट्रैक संरचना, जल निकासी एवं सुरक्षा से जुड़े पहलुओं की समीक्षा करते हुए नियमित निरीक्षण और अनुरक्षण पर विशेष बल दिया।
निरीक्षण के अंतिम चरण में मंडल रेल प्रबंधक प्रयागराज रामबाग रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां यात्री आश्रय, प्रतीक्षालय, फुटओवर ब्रिज, पेयजल सुविधा, टिकट काउंटर, सीसीटीवी कंट्रोल रूम, भीड़ प्रबंधन, विशेष गाड़ियों के संचालन तथा आपात स्थितियों से निपटने की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और सेवा गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश समझाए।
इस अवसर पर अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नीरज कुमार, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त एस. रामाकृष्णन, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य, परिचालन, विद्युत, यांत्रिक एवं सिग्नल विभाग के अधिकारी एवं पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।

