प्राथमिक विद्यालय में ड्रेस पाकर चहके बच्चे
बिल्थरारोड/ बलिया। शिक्षा क्षेत्र सीयर के प्राथमिक विद्यालय एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय सरयां डीहू भगत में बुधवार को बच्चों को ड्रेस वितरण किया गया। खंड शिक्षा अधिकारी सीयर निर्भय नारायण सिंह तथा ग्राम प्रधान अमीरचंद मौर्य ने संयुक्त रूप से दोनों विद्यालय के उपस्थित बच्चों को ड्रेस वितरित किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया। एबीएसए ने बच्चो को संबोधित करते कहा कि एक समान स्कूल ड्रेस से सभी छात्र एक समान प्रदर्शित होते हैं जिससे उनके अन्दर की हीन भावना समाप्त हो जाती है। इस मौके पर दोनों विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों की उपस्थिति में प्रत्येक बुधवार को मध्यान भोजन के अंतर्गत दी जाने वाली दूध को भी खंड शिक्षा अधिकारी ने अपने हाथों बच्चो में वितरित किया।
इस दौरान नयी ड्रेस पाकर बच्चे प्रफुल्लित नजर आ रहे थे। कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक अजय कुमार त्रिपाठी, शिक्षा मित्र उमा त्रिपाठी उच्च प्राथमिक विद्यालय के अध्यापक अजीत कुमार समेत अन्य शिक्षकगण एवं बच्चों के अभिभावक उपस्थित रहे।कार्यक्रम का संचालन अजय त्रिपाठी व समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया।

