सनबीम के बच्चों ने प्रधानमंत्री मोदी का परीक्षा पर चर्चा का सीधा प्रसारण देखा
मऊ। जनपद के अलीनगर स्थित सनबीम स्कूल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राजधानी दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम परीक्षा पर चर्चा का सीधा प्रसारण दिखाया गया । जिसमें विद्यालय के कक्षा 10वीं तथा 12वीं के बच्चों ने प्रतिभाग किया । प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा विद्यार्थियों को स्ट्रेस मैनेजमेंट और टाइम मैनेजमेंट पर दिए गए टिप्स से बच्चे ख़ासे प्रभावित रहे । परीक्षा पर चर्चा का यह तीसरा संस्करण था जिसमें प्रधानमंत्री जी ने देश के विभिन्न हिस्सों से विद्यार्थियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का उत्तर भी दिया। सनबीम स्कूल मऊ की कक्षा 12वीं की छात्रा सोनल मौर्या को परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम में दिल्ली जाने का अवसर प्राप्त हुआ । विद्यालय के प्रबंधक राकेश गर्ग ने इसे पूरे जनपद के लिए गौरव का विषय बताया । परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम की शुरुआत में पीएम मोदी ने जब कहा कि एक बार फिर आपका यह दोस्त आपके सामने है तो बच्चों में उत्साह की लहर दौड़ गई । उन्होंने चंद्रयान मिशन का जिक्र करते हुए कहा कि आप असफलता में भी सफलता की शिक्षा पा सकते हैं। पीएम मोदी के इस कार्यक्रम से सनबीम स्कूल मऊ के विद्यार्थियों में अति ऊर्जा नजर आई । विद्यालय के उप प्रधानाचार्य मिनहाज़ अली ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि परीक्षा को एक उत्सव के रूप में मनाने की आवश्यकता है।

