45 सभासदों के साथ अरशद ने लिया शपथ, बोले ज़िम्मेदारी बड़ी ईमानदारी से सबके साथ निभाऊँगा
० नवनिर्वाचित पालिकाध्यक्ष एवं 45 वार्ड सदस्यों ने ली पद एवं गोपनीयता की शपथ
० शपथ लेते ही नगर के समुचित विकास का मार्ग प्रशस्त्र करने का संकल्प
०‘‘अत्यधिक आशाओें पर आधारित है जनादेश के रूप में नगर के मतदाताओं का मुझ से सम्बद्ध स्नेह’’-अरशद जमाल
मऊ। नगरीय निकाय सामान्य निर्वाचन 2023 के क्रम में मऊनाथ भंजन नगर पालिका परिषद के नव निर्वाचित अध्यक्ष एवं सभासदगण को उनके पद एवं गोपनीयता की शपथ 26 मई को नगर पालिका परिषद कार्यालय से सम्बद्ध शाही कटरा के मैदान में एक भव्य शपथ ग्रहण समारोह के रूप में आयोजित किया गया।
नवनिर्वाचित पालिकाध्यक्ष को सदर के उपजिलाधिकारी आनन्द कुमार कन्नौजिया ने अरशद जमाल को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके उपरान्त स्थानीय सरकार में शामिल सभी 45 सभासदगण को भी पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाकर नगर के विकास एवं उन्नति के मार्ग को प्रशस्त्र करने के लिये प्रशासन ने अन्य आवश्यक प्रक्रियायें पूर्ण कर नवगठित बोर्ड को बधाई दी। इस प्रकार अरशद जमाल ने नवगठित बोर्ड के साथ नये पालिकाध्यक्ष के रूप में आज अपना पदभार संभाल लिया। इस मौके पर उपजिलाधिकारी सदर आनन्द कुमार कन्नौजिया ने नवनिर्वाचित पालिका अध्यक्ष एवं सभासदगण को कोटिशः बधाई दी।
इस अवसर पर बोर्ड के सभी सदस्यों ने संयुक्त रूप से अवाम का आभार व्यक्त करते हुये कहा कि हमें आशा है कि हम सभी नगर एवं जनपद के समग्र विकास को आगे बढ़ाने में एक परिवार के रूप में काम करेंगे तथा मिलजुल कर सभी समस्याओं का त्वरित निदान करना एवं कराना सुनिश्चित करेंगे जो अवाम के हितों को आहत करती हो।
पूर्व विधायक कामरेड इम्तियाज अहमद ने कहा कि मुझे खुशी है कि बोर्ड में शामिल सदस्यगण उत्तम एवं सक्रिय भाव से कार्य करने के लिये उत्सुक हैं जिन्हें नवनिर्वाचित परन्तु दक्ष एवं कुशल पालिकाध्यक्ष के रूप में अरशद जमाल का नेतृत्व प्राप्त है और ऐसे ही संवैधानिक उद्देश्यों की पूर्ति हेतु नगर की अवाम और आप सब ने बोर्ड के गठन की प्रक्रिया को पूर्ण करने में संयुक्त रूप से दायित्वों का निर्वहन किया है, जिसके लिये आप सभी कोटिशः बधाई के पात्र हैं।
समारोह को सम्बोधित करते हुये सभासद अब्दुस्सलाम शामियाना, शमीम अहमद व कामरेड विरेन्द्र कुमार व पूर्व सांसद सालिम अंसारी ने अपने वक्तव्य में कहा कि अरशद जमाल के पास विशेष अनुभव है तथा इन्हें पता है कि विकास के मार्ग को साफ करने में आने वाली दिक्कतों को कैसे समाप्त कर लोगों की अपेक्षाओं पर खरा उतरना है।
इसी क्रम में हरिद्वारा राय एडवोकेट, बसपा जिलाध्यक्ष राज विजय आदि ने नवगठित पालिका बोर्ड को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह चुनाव एक अत्यन्त सूक्ष्म धुरी पर आधारित रहा क्यों कि इस चुनाव में नगर की अवाम ने मात्र विकास के नाम पर ही अरशद जमाल को चुना। इससे साफ है कि सभी नगरवासियों ने धर्म जाति अथवा वर्ग से ऊपर उठकर अपने मताधिकार का प्रयोग मऊ नगर के भविष्य को उज्ज्वल बनाने के उद्देश्य से कर यह कीर्तिमान स्थापित किया है। इस लिए अब आप सभी के जन प्रतिनिधि हैं तथा बोर्ड के सदस्य के रूप में आप को विकास के नाम पर एक साथ खड़े रह कर ही काम करते रहना है।
अरशद जमाल ने कहा कि गत दिनों अत्यन्त विषम परिस्थितियों के बीच मुझे समाजवादी पार्टी छोड़ कर बहुजन समाज पार्टी का दामन थामना पड़ा था परन्तु आपके अपार स्नेह एवं मुझसे सम्बद्ध आपकी अपेक्षाओं को मैं ने अपने हृदय में महसूस किया है जो एक बड़े जनादेश के रूप में आप द्वारा मेरे कन्धों पर एक बहुत ही बड़ी जिम्मेदारी के रूप में डाल दी गयी है। श्री जमाल ने यह भी कहा कि मुझे ऐसा लगता है कि मुझसे सम्बद्ध जनादेश के रूप में आपका यह विशाल स्नेह अत्यधिक आशाओं पर आधारित है जो मेरे लिये इस बात का प्रेरक है कि मुझे उसी के सापेक्ष नगर एवं नगरवासियों के हितों को संरक्षित एवं सुरक्षित करने में नितांत बड़े कदम उठाने होंगे जिसके लिये मैं तत्पर हूँ और मैं इसके लिये आपको निराश नहीं होने दूँगा। श्री जमाल ने अपनी प्रतिबद्धता जताते हुये कहा कि यह जीत आपकी जीत है जो मुझे यह अधिकार प्रदान करती है कि मैं नगर को सुन्दर, सवच्छ एवं मूलभूत सुविधाओं से युक्त कर आपकी मंशा के अनुरूप ढाल दूँ जिसकी जिम्मेदारी का मुझे एहसास है। कहा कि प्रदेश के नगर विकास मंत्री ए0के0 शर्मा से मेरी मुलाकत हुयी है जिसमें उनसे नगर के विकास के संदर्भ में विस्तृत सार्थक चर्चा हेतु मैं विशेष रूप से उनका आभारी हूँ। यह जानना आवश्यक है कि ए0के0 शर्मा न सिर्फ़ एक कैबिनेट मिनिस्टर हैं बल्कि वे भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खास सहयोगी के रूप में कई दशकों से कार्य कर रही रहे हैं जिनके अनुभव का लाभ उठाते हुये हम सब मिलकर नगर को विकास की नई ऊचाई पर ले जायेंगे। वे मऊ नगर पालिका क्षेत्र के वोटर भी हैं। ईश्वर का शुक्रिया अदा करते हुये उन्होंने कहा कि इस सम्बन्ध में मुझे आपसे यह कहना है कि नगर के नये परिसीमन के साथ पूरे नगर के समुचित एवं समग्र विकास का रोड मैप मेरे मस्तिष्क में पहले से ही मौजूद है जिसे क्रिया रूप देने के लिये मैं विकास की नयी परिभाषा लिखने के फिराक में था जिसका अवसर आपके जनादेश ने मुझे दे दिया है जिसके हेतु नगरवासियों का सहयोग एवं विश्वास अपेक्षित है।
मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित उ0प्र0 सरकार के नगर विकास मंत्री ए0के0 शर्मा ने पत्र के माध्यम से शपथ ग्रहण समारोह के आयोजन पर अपनी प्रसन्नता व्यक्त करते हुये बताया कि एक अन्य कार्यक्रम में व्यस्तता के चलते वे यहां उपस्थित होने में असमर्थ हैं पर उक्त समारोह की सफलता हेतु उनकी शुभकामनायें साथ हैं। जब कि इस सम्बन्ध में श्री जमाल की तीव्र इच्छा यह थी कि यदि नगर विकास मंत्री ए0के0 शर्मा यहां उपस्थित होते तो हमें और बल प्राप्त हुआ होता।
उक्त शपथ ग्रहण समारोह में मऊ नगर पालिका की पूर्व पालिकाध्यक्ष शाहीना अरशद जमाल, सभी वार्डों के सभासदगण, अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार, सांसद प्रतिनिधि गोपाल राय, नफीस करिश्मा, हाजी बशीर अहमद, शब्बीर ताज, शेषनाथ राम, फागू सिंह, नव निर्वाचित सभासद शकुंतला राय, माधुरी देवी, मनु गुप्ता, सालिम, विनय सिंह, मुकून्दु सिंह, सम्भ्रांत नागरिकों के इलावा बड़ी संख्या में आम नगरवासी सम्मिलित हुये।
समारोह अध्यक्षता अधिशासी अधिकारी ने की तथा संचालन राजेश श्रीवास्तव एवं साजिद गुफरान ने किया।

