अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर नारी शक्ति संस्थान द्वारा 50 महिलाओं को नारी शक्ति सम्मान

आजमगढ़। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस व रंगोत्सव के मौके पर नारी शक्ति संस्थान द्वारा नारी शक्ति सम्मान समारोह व होली मिलन समारोह-2022 का आयोजन रविवार को रैदोपुर स्थित ग्रैंड एसआर होटल के सभागार में किया गया। सर्वप्रथम संरक्षक मंडल और पदाधिकारियों ने मां दुर्गा के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। समारोह में पूर्वांचल के कई जनपदों से विशिष्ट कार्य करने वाली महिलांए व जनपद की 51 से अधिक नारी शक्तियों को इस अवसर पर सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि आजमगढ़ के कमिश्नर की धर्मपत्नी श्रीमती डा. हेमा पंत ने कहा कि समाज, संस्कृति की केंद्र बिंदु महिलाएं है, यह किसी को बताने की जरूरत नहीं है, किसी केंद्र बिन्दु को कभी समाप्त नहीं किया जा सकता। महिलाओं के योगदान के बगैर सभ्य समाज खुशहाल राष्ट्र की कल्पना भी नहीं की जा सकती। हमारा संस्कार आधी-आबादी की जंजीर नहीं बल्कि आत्मविश्वास है। महिलाएं पूरजोर बोले कि वह होम मेकर है। लैपटाप, कामकाजी उच्च शिक्षित महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्तिकरण का प्रमाण हो सकती है, होममेकर को चुनना आत्मविश्वास का प्रतीक हैं अगर महिला अपने पति से दो कदम पीछे चल रही तो उसे कमजोर नहीं आंका जा सकता। सशक्तिकरण की सबसे बड़ी नींव हमारा अपना परिवार हैं। सशक्तिकरण के लिए हम महिलाओं को किसी सहारे की जरूरत नहीं है। सशक्तिकरण एक मौलिक अधिकार है, उसे मांगना उसके लिए गिड़गिड़ाना नहीं है, उसे आत्मविश्वास के जरिए हासिल करें।
विशिष्ट अतिथि वाणिज्य कर अधिकारी, जौनपुर वनिका सिंह ने कहा कि महिलाएं अपने परिवार के बेहतर लक्ष्य को जीएं। कम रिसोर्स में भी बहुत कुछ हासिल किया जा सकता है। एक महिला दूसरी महिला का साथ दे तो महिला सशक्तिकरण की चैन बन जाएगी। महिलाए परिवार समाज, राष्ट्र को सभ्य, संतुलित कर सकती है। हमें अपने काबिलियत को पहचानना होगा।
आंगतुकों के प्रति आभार जताते हुए सचिव डा पूनम तिवारी ने कहा कि समारोह के आयोजन का उद्देश्य नारी शक्तियों को एकजुट करना और उनके हाथों को मजबूत करना ताकि महिलाएं अपनी शक्ति को पहचाने और अपनी क्षमता से पूरे समाज का प्रतिनिधित्व करें तभी इस समाज को बेहतर और सभ्य बनाया जा सकता है।
अध्यक्षीय संबोधन में डा मनीषा मिश्रा ने महिलाएं खुद को असहाय और कमजोर न समझे क्योंकि आधी आबादी नारी शक्तियों की हैं, आज पूरे विश्व में नारी शक्तियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया हैं आगे हमें और मजबूती के साथ खुद को सबल बनाने की आवश्यकता है इसके लिए आत्मविश्वास के साथ संघर्ष करना होगा।
अतिथिद्वय द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली मऊ जनपद निवासिनी पूजा राय, गीता पांडेय, प्रीति श्रीवास्तव, वाराणसी डा विभा मिश्रा, आजमगढ़ खुशबू राय, एसचओ मधु पणिका को नारी शक्ति सम्मान से नवाजा गया। साथ आजमगढ़ की 50 से अधिक महिलाओं को सम्मानित किया गया। इसके अलावा 20 से अधिक महिलाओं ने संस्थान की सदस्यता ग्रहण किया। इस मौके पर समस्त संरक्षक, पदाधिकारीगण व समस्त नारी शक्ति मौजूद रहीं।



















