MLC एके शर्मा का दावा, CM योगी के नेतृत्व में 2022 में फिर आएगी BJP

( आनन्द कुमार )
भारतीय जनता पार्टी के एमएलसी नवनियुक्त प्रदेश उपाध्यक्ष पूर्व आईएएस पीके शर्मा का प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह को लिखा गया पत्र इस समय खूब वायरल हो रहा है। पत्र में एके शर्मा ने जहां अपने आईएएस के सेवाकाल के साथ-साथ नरेन्द्र मोदी के मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री के साथ साथ कार्य करने के अनुभव को साझा किया है। वहीं उन्होंने अपने राजनीति में आने के बाद जनसेवा की भावना को उजागर किया है। अरविंद शर्मा ने अपने पत्र में लिखा है आपके और मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व 2022 के राज्य विधानसभा चुनाव में भाजपा पहले से ज्यादा सीटें लेकर आएंगे ऐसा उन्हें दृढ़ विश्वास है।
परम आदरणीय श्री स्वतंत्र देव सिंह जी
मा. अध्यक्ष उत्तर प्रदेश, भाजपा
लखनऊ
उत्तर प्रदेश भाजपा का उपाध्यक्ष नियुक्त करने के लिए आपका तथा भाजपा के राष्ट्रीय एवं राज्य नेतृत्व का हृदय से धन्यवाद करता हूं। पार्टी के सदस्य के रूप में देशहित में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देते रहने का पुनः संकल्प लेता हूं।
मान्यवर आपको मालूम ही होगा कि मैं पूर्वांचल की ग्रामीण पृष्ठभूमि से आता हूं। जन्म स्थान काझा खुर्द की प्राथमिक विद्यालय के बाद मऊ, बलिया एवं प्रयाग में पढ़ाई के पश्चात वर्ष 1988 में भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में चयनित हुआ। तबसे लेकर जनवरी 2021 तक इस सेवा के माध्यम से राष्ट्र एवं लोगों का सेवा करता रहा। नौकरी करते हुए भी मैं अपने गांव, समाज और क्षेत्र से निरंतर जुड़ा रहा।
IAS की सेवा के दौरान प्रशासन के निचले स्तर से लेकर उच्च स्तर तक सामान्य व्यक्ति की खुशहाली एवं उनके जीवन स्तर को ऊपर उठाने का प्रयास करता रहा। ऐसे में कार्यों के मद्देनजर सर्वश्रेष्ठ जिला विकास अधिकारी (CDO समकक्ष) का पुरस्कार भी राज्य शासन से मिला। उसके बाद 3 जिलों में डीएम के रूप में जनसेवा किया।
तत्पश्चात अक्टूबर 2001 से लेकर 2021 के बीच विकास पुरुष श्री नरेंद्र मोदी जी की मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री तक की ऐतिहासिक यात्रा में सहायक बनकर उनके विकास यज्ञ में अपनी छोटी-छोटी आहुति देने और उनका हाथ बंटाने का सौभाग्य मिला।
मा. मोदी जी की लंबी, सफल, विशाल एंव वैश्विक गाथा में मैं एक छोटा सा भागीदार रहा हूं। यह मात्र और मात्र उनकी कृपा है कि उन्होंने मुझे यह अवसर दिया।
उसी कड़ी में अब भाजपा में शामिल होकर प्रदेश एवं देश की प्रगति में योगदान देने का सौभाग्य मिला इसका बहुत ही गौरव अनुभव कर रहा हूं। मैं स्वयं से एवं अपनी पार्टी के माध्यम से जनसेवा का कार्य करता रहूंगा।
मान्यवर, मेरे विनम्र विचार में उत्तर प्रदेश की जनता माननीय मोदी जी को आज भी उतना ही प्रेम करती है जितना 2013-14 में करती थी। आगामी चुनाव जीतने के लिए इस महान जननायक का नाम एवं संरक्षण ही पर्याप्त है। साथ ही राष्ट्रीय अध्यक्ष जी एवं अन्य वरिष्ठों का वरद हस्त भी है। मैं भी हर संभव प्रयास करूंगा और साथियों सहयोग से कराऊंगा।
आपके एवं आदरणीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में होने वाले 2022 के राज्य विधानसभा के चुनाव में भाजपा को पहले से भी ज्यादा सीटें आएंगी ऐसा मेरा दृढ़ विश्वास है।
आपका स्नेह, संरक्षण एवं मार्गदर्शन मुझे मिलता रहे इस भावना के साथ,
आपका विनम्र सहयोगी,
एके शर्मा

भारतीय जनता पार्टी का प्रदेश उपाध्यक्ष बनने के बाद विधान परिषद सदस्य एके शर्मा का यह पत्र उत्तर प्रदेश की सियासत में काफी मायने रखता है। विपक्षी जहां इस पत्र पर चुटकी ले रहे हैं। वहीं लोग इसका अलग-अलग मायने निकाल रहे हैं। ऐसे में अब भारतीय जनता पार्टी के लिए उत्तर प्रदेश की सियासत की पुनः कम बैक आना काफी मेहनत करने वाला काम है।
MLC एके शर्मा का लिखा यह पत्र कि, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व CM योगी के नेतृत्व में 2022 में ज्यादा सीटों के साथ आएगी अब तो आने वाले चुनाव के बाद ही पता चल पाएगी। हां इतना तो तय है कि अगर भाजपा यूपी में लौटी तो कई महिना पहले एके शर्मा का यह लिखा पत्र यह साबित करेगा कि एके शर्मा को प्रशासनिक व्यवस्था के बाद अब राजनीति का नब्ज टटोलना अच्छी तरीकें से आ गया है।


