गैस सिलेंडर लीक से लगी आग, तीन बकरियां खाक
मोहम्मदाबाद गोहना (मऊ) तहसील क्षेत्र के ग्राम सभा नगरीपार में शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे खाना बनाते समय गैस सिलेंडर लीक होने के कारण आग लग गई।
घटना के दौरान खाना बना रही महिला रीमा ने बताया कि गैस सिलेंडर में लीकेज होने लगा और अचानक उसमें आग पकड़ ली। आग इतनी तेजी से फैली कि मड़ई के साथ साथ मड़ई में रखे खाने-पीने का सामान, कपड़े और तीन बकरियां जलकर खाक हो गईं।
जानकारी पर ग्रामीणों ने 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचित किया। मौके पर जिला पंचायत सदस्य रामदरश यादव तथा पशु अस्पताल से डॉक्टर श्याम सुंदर चौहान तत्काल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
पीड़ित रीमा ने बताया कि आग इतनी भयानक थी कि कुछ ही समय में सब कुछ जलकर खाक हो गया।
जानकारी पर गांव वाले आग बुझाने में लग गए लेकिन तब तक सभी सामान जलकर खाक हो चुके थे। इस प्रकार इस आग से हजारों रुपए का नुकसान होने का अनुमान है।यह गनीमत रही कि कोई मानव हानि नहीं हुई।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।

