‘द टेस्ट ऑफ उत्तर प्रदेश 2026’ में राजवंती स्वीट्स मऊ के दुर्गेश मद्धेशिया सम्मानित, डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने किया सम्मानित
मऊ। दैनिक जागरण एवं उत्तर प्रदेश सरकार के ODOC (वन डिस्ट्रिक्ट वन क्यूज़ीन) अभियान के अंतर्गत आयोजित ‘द टेस्ट ऑफ उत्तर प्रदेश 2026’ कार्यक्रम में पूर्वांचल के उत्कृष्ट खाद्य उत्पाद निर्माताओं एवं विक्रेताओं को सम्मानित किया गया। वाराणसी स्थित होटल ताज में आयोजित समारोह में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने चयनित उद्यमियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार स्थानीय खाद्य उद्योग को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है तथा इस अभियान से जुड़े उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
मऊ जनपद से राजवंती स्वीट्स के संचालक दुर्गेश मद्धेशिया को उनके प्रतिष्ठान की उत्कृष्ट गुणवत्ता (Best Taste & Quality) और बेहतरीन स्वाद के लिए सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें सपरिवार प्रदान किया गया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद दुर्गेश मद्धेशिया ने कहा कि यह उपलब्धि उनके पूरे परिवार, टीम और ग्राहकों के विश्वास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि उनके पूज्य दादा-दादी द्वारा लगाए गए इस व्यवसाय रूपी पौधे को स्वर्गीय पिता श्री राजेंद्र मद्धेशिया, माताजी के आशीर्वाद तथा बड़े भाई श्री संतोष मद्धेशिया के सहयोग से निरंतर आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। आज राजवंती स्वीट्स जिस मुकाम पर पहुंची है, उसमें परिवार के संस्कार, गुणवत्ता के प्रति प्रतिबद्धता और ग्राहकों के अटूट विश्वास की सबसे बड़ी भूमिका रही है।
उन्होंने कहा कि ‘बेस्ट टेस्ट एंड क्वालिटी’ का यह सम्मान केवल एक पुरस्कार नहीं, बल्कि वर्षों की मेहनत, शुद्धता, गुणवत्ता और ग्राहकों के भरोसे की पहचान है। यह सम्मान राजवंती स्वीट्स से जुड़े प्रत्येक ग्राहक, कर्मचारी और शुभचिंतक को समर्पित है।
दुर्गेश मद्धेशिया ने दैनिक जागरण परिवार एवं उत्तर प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन स्थानीय उद्यमियों को नई पहचान देने के साथ-साथ उन्हें बेहतर कार्य करने की प्रेरणा भी देते हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राजवंती स्वीट्स आगे भी अपने ग्राहकों को शुद्ध, स्वादिष्ट एवं उच्च गुणवत्ता वाली मिठाइयाँ और बेहतर सेवाएँ उपलब्ध कराने के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करती रहेगी।





