वरिष्ठ चिकित्सक एके वर्मा की पत्नी बिट्टो रानी वर्मा का निधन
मऊ। नगर के घास बाज़ार निवासी एवं मऊ के प्रथम नाक-कान-गला (ईएनटी) विशेषज्ञ डॉ. ए.के. वर्मा की पत्नी तथा स्वर्ण आभूषण व्यवसायी एवं रोटेरियन निखिल वर्मा की माता बिट्टो रानी वर्मा का शुक्रवार और शनिवार की मध्य रात्रि उपचार के दौरान निधन हो गया। वे पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रही थीं।
बिट्टो रानी वर्मा के निधन की सूचना मिलते ही शनिवार सुबह से ही उनके आवास पर शुभचिंतकों, चिकित्सकों, व्यापारियों और सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों का तांता लगा रहा। सभी ने शोकाकुल परिवार से मिलकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
अपने मृदुभाषी, सरल और सौम्य स्वभाव के लिए जानी जाने वाली बिट्टो रानी वर्मा के निधन से नगर में शोक की लहर व्याप्त है। उनके निधन पर लोगों की आंखें नम दिखाई दीं और सभी ने उनके व्यक्तित्व को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
बाद में उनका पार्थिव शरीर नगर के रामघाट ले जाया गया, जहां तमसा नदी के तट पर पूरे विधि-विधान के साथ उनका अंतिम संस्कार संपन्न हुआ।
श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में प्रमुख रूप से व्यापारी नेता उमाशंकर ओमर, डॉ. एन.के. सिंह, डॉ. आर.एम. मिश्रा, डॉ. एस.के. सिंह, अजय सर्राफ, डॉ. अम्बरीश दूबे, मनीष वर्मा, विजय सर्राफ, रामाश्रय मौर्य, सचिन्द्र सिंह, डॉ. एस.सी. तिवारी, प्रतीक जायसवाल, मनीष सर्राफ, विजय वर्मा, अवधेश सोनकर, पंकज खंडेलवाल, डॉ. ए.के. सिंह, प्रदीप सिंह, पुनीत श्रीवास्तव, डॉ. एस. ख़ालिद, सौरभ बरनवाल, नीलम सर्राफ, संगीता द्विवेदी, विजय तुलस्यान, सीए शमीम अहमद सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोगों ने शोक व्यक्त किया।

