अपना जिला

मऊ में ‘सक्षम परियोजना’ कार्यशाला का भव्य समापन

मऊ। Bajaj Finserv और Entrepreneurship Development Institute of India (EDII), अहमदाबाद के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय ‘सक्षम परियोजना’ कार्यशाला का बुधवार को हट्ठीमदारी में सफलतापूर्वक समापन हुआ।

इस कार्यशाला का उद्देश्य स्थानीय युवाओं एवं महिला उद्यमियों को वित्तीय साक्षरता, डिजिटल जागरूकता और उत्पाद विकास के क्षेत्र में प्रशिक्षित करना था। समापन सत्र के मुख्य अतिथि अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष डॉ. रामगोपाल गुप्ता ने कहा कि वर्तमान समय में छोटे उद्यमियों के लिए वित्तीय प्रबंधन और डिजिटल साक्षरता बेहद जरूरी हो गई है। उन्होंने ई-कॉमर्स और डिजिटल भुगतान को अपनाने पर जोर दिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे आनन्द कुमार ने कहा कि आज हर वर्ग के लिए डिजिटल होना अनिवार्य हो गया है, चाहे वह व्यापारी हो, टेक्निकल हो या नौकरीपेशा व्यक्ति।

संस्थान के परियोजना सहायक अधिकारी राहुल कुमार ने बताया कि बजाज फिनसर्व की CSR नीति के तहत उत्तर प्रदेश के मऊ, वाराणसी, गोरखपुर, कुशीनगर और अयोध्या सहित गुजरात में भी ‘सक्षम परियोजना’ संचालित की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह पहल महिलाओं और युवाओं को स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

तीन दिवसीय प्रशिक्षण में फाइनेंशियल लिटरेसी एक्सपर्ट जीसान अहमद ने प्रतिभागियों को बैंकिंग, बीमा, बजट प्रबंधन और व्यवसाय विस्तार से जुड़ी अहम जानकारी दी। साथ ही प्रतिभागियों द्वारा तैयार उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसे अतिथियों ने सराहा। यह प्रशिक्षण पूरी तरह निःशुल्क रहा, जिससे क्षेत्र के कई उभरते उद्यमियों को लाभ मिला।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *