गड़बड़ घोटाला: ग्रामनिधि में बिना टेंडर एक दिन में निकाल लिए 16.94 लाख रुपये
० ग्राम प्रधान और सचिव की मिलीभगत से राज्यवित्त और केंद्रीय वित्त में लूट
रानीपुर। विकास खंड में बिना टेंडर ग्राम पंचायतों के खातों को खाली करने की लूट मची हुई है। ग्राम पंचायत कमालसेनपुर (कोलौरा) में ग्राम प्रधान और सचिव की मिलीभगत से एक दिन में 16.94 लाख रुपये का एकमुश्त भुगतान कर लिया गया। इसकी जानकारी विकास खंड और जिला पंचायत राज विभाग को होने के बावजूद वे आंख मूंदे हुए हैं।
वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए जिले में अभी तक एक भी ग्राम पंचायतों का टेंडर जारी नहीं किया गया है। इसके लिए ग्राम पंचायतों में ग्रामनिधि की धनराशि निकालने की होड़ मची हुई है। ग्राम पंचायत कमालसेनपुर (कोलौरा) में ग्राम सचिव ने पंचायती राज अधिनियम के नियमाें को ताक पर रखते हुए बीते 14 अप्रैल को हैंडपंप रिबोर, मरम्मत, स्ट्रीट लाइट, कायाकल्प मैटेरियल, इंटरलॉकिंग, सीमेंटेड कुर्सी, डस्टबिन और नाली के नाम पर 18 लाख 94 हजार 762 रुपये का एकमुश्त भुगतान किया। हालांकि इसकी जानकारी विकास खंड के बीडीओ से लगायत एडीओ पंचायत को भी है पर वे आंख मूंदे रहे। इधर एक ग्राम पंचायत में भुगतान होने के बाद कई ग्राम पंचायतों में देखते-देखते यह सिलसिला चल निकला।
टेंडर न करने का जिम्मेदार कौन…
रानीपुर। वित्तीय वर्ष की शुरूआत हो गई है। मध्यम माह बीतने के बाद भी अभी तक किसी ग्राम पंचायत का टेंडर नहीं निकाला गया। इसके चलते ग्राम पंचायतों में विकास के कार्य बाधित हैं। सूत्रों की मानें तो ग्राम पंचायतों के टेंडर को विकास भवन से जारी किया जाना है।
एक ही फर्म के खाते में गई धनराशि…
रानीपुर। ग्राम पंचायत कमालसेनपुर (कोलौरा) में राज्यवित्त और केंद्रीय वित्त की धनराशि का भुगतान राज कंस्ट्रक्शन एंड सप्लायर नामक फर्म के खाते में किया गया है। इसमें हैंडपंप रिबोर, मरम्मत, स्ट्रीटलाइट, कायाकल्प, इंटरलाकिंग, सीमेंटेंड कुर्सी आदि सभी मदों की धनराशि का एकमुश्त भुगतान किया गया है। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या एक ही फर्म सभी काम करती हैं।
मदवार भुगतान किए गए आंकड़े…
हैंडपंप रिबोर 220000, हैंडपंप मरम्मत 66000, स्ट्रीटलाइट 371960, नाली 56598, डस्टबिन 199000, सीमेंट कुर्सी 377364, प्रशासनिक मद 30000, इंटरलाकिंग 191346, कायाकल्प मैटेरियल 125494, प्रधान का मानदेय 60000।

