लाकॅ डाउन : मेडिसिन होम डिलिवरी, 36 घंटे बाद भी नहीं पंहुची दवा
■ ‘दवा घर’ से नहीं डिलिवर हुयी दवा और ना ही मिला कोई जवाब
मऊ। 21 दिवसीय लाक डाउन के दौरान सरकार द्वारा बार बार लोगों से घरों में रहने और सोशल डिस्टेन्सिंग का पालन करने का अनुरोध कर रही है। उसके लिए तरह-तरह की सुविधाएं और नियम भी बनाए जा रहे है।आवश्यक वस्तुओं की दुकानों पर भीड़ एकत्रित ना हो इसके लिए जिला प्रशासन मऊ द्वारा लगातार प्रयास भी किया जा रहा है और घर बैठे ही दवा, दूध, राशन जैसे आवश्यक वस्तुओं के आर्डर देने की सुविधा के लिए नम्बर भी जारी किए गए हैं। इसी क्रम में दवा के लिए प्रशासन द्वारा ये कहा गया है कि अपरिहार्य परिस्थितियों में बिल्कुल असहाय व्यक्तियों को औषधि की आवश्यकता पड़ने पर अपने नजदीकी दवा विक्रेताओं को उनके मोबाईल नम्बर पर संपर्क कर उचित मूल्य पर दवा प्राप्त की जा सकती है और होम डिलिवरी सेवा फ्री रहेगी।
लेकिन ये आदेश सिर्फ काग़ज़ों तक ही सीमित नज़र आ रहे हैं, दुकानदार द्वारा जिला प्रशासन के आदेशों की किस तरह अवहेलना की जा रही है इसका रियलिटी चेक करने के लिए जब हमारे संवाददाता ने 31 मार्च को प्रशासन द्वारा जारी दवा घर के नंबर पर दवा के दो पर्चे व्हाट्सएप किए तो 36 घंटा गुज़र जाने के बाद भी ना तो दवा डिलीवर की गई और ना ही उधर से किसी तरह का जवाब दिया गया। अब बड़ा सवाल यह है कि लोग घरों से कैसे ना निकलें? और सोशल डिस्टेन्सिंग के लिए प्रशासन द्वारा दिए जा रहे प्रयास व आदेशों की खुलेआम दुकानदारों द्वारा धज्जियाँ उड़ाई जा रही हैं, जिससे लोगों का घरों से निकलना एक मजबूरी भी बन गयी है।

