अपना जिला

बसपा नेता अरशद जमाल ने अपने कार्यालय में PM, CM व एके शर्मा का फोटो लगाया

@ आनन्द कुमार…

मऊ। कुछ अलग सोच और अलग करने का हुनर रखने वाले अरशद जमाल नगर पालिका परिषद मऊ का अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने से लेकर, टिकट पाने, पार्टी बदलने और जीतने तक मऊ में ही नहीं पूरे प्रदेश में चर्चा में बने हुए हैं। ऐतिहासिक मतों से बसपा के हाथी के सिंबल पर चेयरमैन बने अरशद जमाल के चर्चा का कारण उनके शपथ के बाद उनके कार्यालय में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व डा. आम्बेडकर के अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र दामोदरदास मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व नगर विकास मंत्री एके शर्मा की लगी तस्वीर को लेकर है। जब इस विषय पर श्री जमाल से पूछा गया आप बहुजन समाज पार्टी से और एक नई परम्परा की शुरुआत मऊ पालिका में तो उन्होंने बड़े बेबाकी से कहा कि दिल दिमाग व सोच हमेशा बड़ा रखिए, तभी कुछ बड़ा कर पाएंगे।
बताया कि देश के प्रधानमंत्री पूरे देश के पीएम व प्रदेश के सीएम पूरे प्रदेश के मुख्यमंत्री हैं और नगर विकास मंत्री की छत्रछाया में तो हम काम ही कर रहे हैं यह विभाग ही उनका है। बताया कि जो संविधान बना है उसमें तीन प्रकार की सरकारों का वर्णन है। केन्द्रीय सरकार, सूबे की सरकार व लोकल सरकार, तो हम लोकल सरकार हैं। तीनों सरकार के सामंजस्य से ही विकास का काम बनेगा। तो तालमेल तो बढ़िया रखना ही चाहिए। बताया कि सरकार से मिल कर काम नहीं करेंगे तो सरकार की योजनाएं लागू नहीं हो पाएंगी। बोले की नगरीय निकाय सरकार के माध्यम हैं। तो हम तो सरकार के हाथ पांव व सरकार की आंखें हैं। केन्द्रीय व सूबे की सरकार की योजनाओं को जन जन तक पहुंचाना पालिका का कर्तव्य है। उनका कहना है कि सरकार और नगर पालिका मिलकर काम करेगी तो बेहतर काम होगा।
अरशद जमाल ने कहा कि देश के सभी नगर निगम, नगर पालिका व नगर पंचायत को अपने-अपने कार्यालयों में प्रधानमंत्री और अपने-अपने मुख्यमंत्री व नगर विकास मंत्री का फोटो अवश्य लगाना चाहिए। जब सवाल किया कि आप बसपा के और सरकार भाजपा की तो बोले इसमें बुराई क्या है यह तो अच्छी बात है। बोले कि जब हम कार्यालय से बाहर निकलेंगे तो दल की बात करेंगे और जब कार्यालय में रहेंगे तो सबके दिल की बात करेंगे और सब दल के लिए रहेंगे।
उन्होंने कहा कि कुछ तो हमारे अंदर खास बात रही होगी तभी तो दलीय दीवारों को तोड़कर हर समाज के लोगों ने हमें वोट दिया और अपना प्रतिनिधि चुना है। बहुजन समाज पार्टी के नेता अरशद जमाल ने नगर पालिका परिषद के कार्यालय में प्रधानमंत्री मुख्यमंत्री का फोटो टांग कर यह संदेश तो दे ही दिया है कि हम भाजपा के ट्रिपल इंजन सरकार बनाने के मंसूबे में भले ही भाजपा के प्रत्याशी अजय कुमार को भारी मतों से हरा कर फेल कर दिए लेकिन देश व सूबे की सरकार के हम साथ-साथ हैं और ट्रिपल इंजन की तरह ही हम देश व सूबे के सरकार के साथ काम करेंगे, भले ही मेरा दल अलग है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *