डा. गोपाल राय ने अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर स्कूल में ‘अविका टॉयलेट पार्क’ की दी सौगात
मऊ। भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर मऊ जनपद के मधुबन क्षेत्र में स्वच्छता की दिशा में एक सराहनीय पहल की गई। मऊ के प्रसिद्ध कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. गोपाल कृष्ण राय द्वारा जनता शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज, दुबारी (मधुबन) में अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित ‘अविका टॉयलेट पार्क’ का शुभारंभ किया गया।
यह आधुनिक शौचालय परिसर विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को सौगात के रूप में प्रदान किया गया है। यह पहल न केवल विद्यालय की आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करेगी, बल्कि स्वच्छ भारत मिशन की भावना को भी मजबूती प्रदान करेगी।
इस अवसर पर डॉ. गोपाल कृष्ण राय ने कहा कि विद्यालय शिक्षा का मंदिर होता है और ऐसे स्थानों पर स्वच्छता एवं जनसुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। अविका टॉयलेट पार्क छात्रों को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक वातावरण प्रदान करेगा। हमारा लक्ष्य है कि प्रत्येक विद्यार्थी को सम्मानजनक और स्वच्छ शौचालय सुविधा उपलब्ध हो।
कार्यक्रम में विद्यालय के अध्यक्ष कन्हैया सिंह, प्रबंधक प्रमोद पांडेय, लल्लन राय, प्रधानाचार्य लालमणि यादव सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

