तुलसी पूजन दिवस पर महादेव मंदिर, गायघाट में पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम सम्पन्न
० बच्चों की रचनात्मक प्रस्तुतियों से गूंजा पर्यावरण संरक्षण का संदेश
मऊ। तुलसी पूजन दिवस के अवसर पर 25 दिसंबर को महादेव मंदिर, गायघाट परिसर में पर्यावरण संरक्षण को लेकर एक प्रेरणादायक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों के माध्यम से समाज में पर्यावरण संरक्षण का सशक्त संदेश देना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्रीमान अजय जी (क्षेत्रीय संयोजक, पर्यावरण संरक्षण गतिविधि) रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में श्रीमान वीरेंद्र जी (गोरक्ष प्रांत पर्यावरण गतिविधि), आर्यम जी (जिला प्रचारक, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) तथा विकास सिंह (जिला संयोजक, पर्यावरण गतिविधि) उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एवं नेतृत्व विकास सिंह द्वारा किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत तुलसी पूजन के साथ हुई, जिसमें अतिथियों सहित उपस्थित सभी लोगों ने श्रद्धापूर्वक सहभागिता की। इसके पश्चात बच्चों के लिए चित्रकला, रंगोली एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रंगोली प्रतियोगिता परिणाम
- प्रथम स्थान: आराध्या (डीएवी इंटर कॉलेज)
- द्वितीय स्थान: प्राची (सोनी धापा इंटर कॉलेज)
- तृतीय स्थान: कृष्णा (सर्वोदय इंटर कॉलेज)
चित्रकला प्रतियोगिता परिणाम
- प्रथम स्थान: नीलम चौहान (सोनी धापा इंटर कॉलेज)
- द्वितीय स्थान: रीतिका सोनी (डीएवी इंटर कॉलेज)
- तृतीय स्थान: अर्शो बनो (डीसीएस पीजी कॉलेज)
भाषण प्रतियोगिता परिणाम
- प्रथम स्थान: सुंदरम सोनकर (डीएवी इंटर कॉलेज)
- द्वितीय स्थान: रितिक सोनकर (डीएवी इंटर कॉलेज)
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण बच्चों द्वारा अरावली पर्वतमाला संरक्षण विषय पर बनाई गई रंगोली रही, जिसने पर्यावरण संरक्षण के संदेश को अत्यंत प्रभावशाली और कलात्मक रूप में प्रस्तुत किया।
प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को मेडल एवं तुलसी का पौधा प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही अतिथियों एवं उपस्थित नागरिकों को भी तुलसी के पौधे भेंट किए गए, जिससे पर्यावरण संरक्षण और धार्मिक चेतना का संदेश एक साथ दिया गया।
इस अवसर पर बिना गुप्ता (प्रवक्ता, सोनी धापा इंटर कॉलेज), नीलम सराफ (समाजसेविका), संगीता द्विवेदी (समाजसेविका), विवेक सिंह, अरविंद आर्य, रितेश, मुकेश, योगेंद्र सिंह सहित सैकड़ों की संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पर्यावरणविद् शैलेंद्र प्रताप यादव ने कहा कि,
“ग्लोबल वार्मिंग आज पूरी दुनिया के लिए एक गंभीर चुनौती है। इसके समाधान के लिए प्रत्येक व्यक्ति को स्वयं आगे आकर प्रकृति की रक्षा का संकल्प लेना होगा।”
मुख्य अतिथि अजय जी ने कहा कि,
“जल संरक्षण, ऊर्जा संरक्षण, सिंगल यूज़ प्लास्टिक का त्याग और सरल जीवनशैली अपनाकर बड़े परिवर्तन संभव हैं। इसकी शुरुआत हमें अपने घर से ही करनी चाहिए।”
कार्यक्रम का समापन सभी उपस्थित लोगों द्वारा पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प लेकर किया गया।




