सड़क हादसा: ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार दो महिलाओं की मौत, युवक गंभीर घायल
🚨 सड़क हादसा: ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार दो महिलाओं की मौत, युवक गंभीर घायल
📍 मुबारकपुर थाना क्षेत्र के मोहब्बतपुर गांव के पास हुआ दर्दनाक हादसा
सठियांव/आजमगढ़। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के मोहब्बतपुर गांव के पास गुरुवार शाम करीब 4:40 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। दो ट्रकों के ओवरटेक के दौरान एक बाइक उनकी चपेट में आ गई, जिससे बाइक पर सवार दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही मुबारकपुर और सिधारी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा और घायल युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस के अनुसार यह पूरा हादसा पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है, जिसके आधार पर जांच की जा रही है।
👥 मृतकों व घायल की पहचान
मिली जानकारी के अनुसार, शहर कोतवाली क्षेत्र के फराश टोला निवासी मीरा देवी (55), पत्नी राजेश कुमार सिंह, अपने बेटे विक्की सिंह (25) और पड़ोस की महिला तपेश्वरी देवी (40), पत्नी सत्तन निषाद के साथ एक ही बाइक से किसी काम से सठियांव गई थीं। काम निपटाकर तीनों बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे मोहब्बतपुर गांव के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे दो ट्रकों के ओवरटेक के दौरान बाइक उनकी चपेट में आ गई।
इस हादसे में मीरा देवी और तपेश्वरी देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहे विक्की सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
🚔 पुलिस कार्रवाई
स्थानीय लोगों ने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक शशिमौली पांडेय और सिधारी थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। आनन-फानन में परिजन जिला अस्पताल पहुंच गए।
पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है और मामले की गहन जांच जारी है.

