अपना जिला

प्रयास वेल्फेयर सोसाइटी की पहल: मऊ के छात्रों को सही करियर दिशा देने का संकल्प

मऊ। प्रयास वेल्फेयर सोसाइटी की ओर से चांसलर पब्लिक स्कूल, खेदुपुरा मऊ में करियर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के वास्तविक लक्ष्य, सही करियर चयन और भविष्य निर्माण के प्रति जागरूक करना रहा, ताकि शहर के बच्चे यहीं रहकर आगे बढ़ें और देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभा सकें।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता अशहर नोमानी (कस्टम ऑफिसर) और डॉ. काशिफ़ अजमल रहे।

अशहर नोमानी ने कहा कि पढ़ाई केवल पैसा कमाने का साधन नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति के चरित्र और व्यक्तित्व को निखारती है। शिक्षा के माध्यम से हम समाज, देश और राष्ट्र के विकास में योगदान दे सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर पढ़ाई करने की प्रेरणा देते हुए कहा कि बिना लक्ष्य के किया गया प्रयास अक्सर निराशा में बदल जाता है।

डॉ. काशिफ़ अजमल ने कहा कि बच्चों को अपने करियर से जुड़े फैसले लेने की आज़ादी मिलनी चाहिए। माता-पिता और समाज का दायित्व है कि वे बच्चों की रुचि और क्षमता को पहचानें तथा उन्हें उसी दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करें। रुचि के अनुसार पढ़ाई करने वाले बच्चे अधिक उत्साह और लगन के साथ सफलता प्राप्त करते हैं।

संस्था के अध्यक्ष जमाल नदीम ने मीडिया से बातचीत में कहा कि मऊ के कई छात्र बिना किसी स्पष्ट लक्ष्य के पढ़ाई कर रहे हैं। यदि शुरुआत से ही लक्ष्य तय कर पढ़ाई की जाए तो बाहर पलायन की जरूरत नहीं पड़ेगी। प्रयास वेल्फेयर सोसाइटी छात्रों को उनकी रुचि और स्किल के अनुसार मार्गदर्शन देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल के प्रिंसिपल प्रमोद यादव ने की तथा संचालन फुरकान अनवर ने किया। समापन अवसर पर प्रिंसिपल ने प्रयास वेल्फेयर सोसाइटी के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी और मार्गदर्शक सिद्ध होते हैं।

इस अवसर पर स्कूल के संस्थापक डॉ. कुद्दूस, प्रिंसिपल प्रमोद यादव, शिक्षकगण तथा संस्था के अध्यक्ष जमाल नदीम, उपाध्यक्ष रज़ीउर्रहमान, संरक्षक वसीम अहमद, कार्यक्रम संयोजक नूर आलम, सहसंयोजक डॉ. काशिफ़ अजमल, शाहिद जमाल, फुरकान अनवर सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *