ब्राह्मण सम्मेलन में सपा का शक्ति प्रदर्शन, 5 अगस्त को स्व. जनेश्वर मिश्र जयंती पर यूपी को देंगे बड़ा संदेश
• मऊ में प्रबुद्ध वर्ग/ब्राह्मण सभा सम्मेलन संपन्न, 5 अगस्त को लखनऊ पहुंचने का आह्वान
मऊ। अदरी मोड़ स्थित नक्षत्र मैरिज हॉल में रविवार को समाजवादी पार्टी की ओर से प्रबुद्ध वर्ग/ब्राह्मण सभा सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य 5 अगस्त 2026 को लखनऊ में आयोजित होने वाली पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं समाजवादी चिंतक स्वर्गीय जनेश्वर मिश्र की जयंती समारोह में अधिक से अधिक संख्या में ब्राह्मण समाज की भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बलिया से सांसद सनातन पांडेय ने कहा कि ब्राह्मण समाज वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प लेकर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने अपने संबोधन में केंद्र एवं प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी सरकार पर महंगाई, भ्रष्टाचार, कानून-व्यवस्था और लोकतांत्रिक संस्थाओं के दुरुपयोग जैसे मुद्दों को लेकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार लोकतांत्रिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही है तथा जनता विभिन्न समस्याओं से जूझ रही है। उन्होंने उपस्थित लोगों से 5 अगस्त को लखनऊ पहुंचकर अपनी एकजुटता प्रदर्शित करने की अपील की।
विशिष्ट अतिथि एवं उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री तारकेश्वर मिश्र ने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार, अपराध, बिजली, सिंचाई, खाद-बीज और किसानों की समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार जनहित के मुद्दों पर गंभीर नहीं है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं और समर्थकों को अभी से जुटना होगा तथा 5 अगस्त को भारी संख्या में लखनऊ पहुंचना चाहिए।
समाजवादी युवजन सभा के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद गिरी ने कहा कि अखिलेश यादव के मुख्यमंत्री कार्यकाल में प्रदेश में मेट्रो, एक्सप्रेसवे, डायल 100, 108 एम्बुलेंस, कन्या विद्याधन और छात्रों को लैपटॉप जैसी कई जनकल्याणकारी योजनाएं शुरू की गई थीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास की राजनीति को आगे बढ़ाने के लिए समाजवादी पार्टी को पुनः सत्ता में लाना आवश्यक है। उन्होंने ब्राह्मण समाज से समाजवादी पार्टी के साथ मजबूती से खड़े होने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के संयोजक एवं समाजवादी पार्टी की राज्य कार्यकारिणी के विशेष आमंत्रित सदस्य योगेश तिवारी ने सम्मेलन के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि 5 अगस्त को लखनऊ में आयोजित जनेश्वर मिश्र जयंती समारोह को ऐतिहासिक बनाया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन पंकज उपाध्याय ने किया।
सम्मेलन को राजेंद्र मिश्रा, हरिद्वार राय, शैलेंद्र यादव, साधु, अल्ताफ अंसारी, धर्म प्रकाश यादव, राजेश दुबे, मृत्युंजय तिवारी, आदर्श तिवारी, राहुल दुबे, मयंक पांडेय, संजय पांडेय, चंद किशोर पांडेय, हरिश्चंद्र पांडेय, भुसावल मिश्रा, गोपाल तिवारी, वीरू चौबे, जितेंद्र नाथ दुबे सहित अनेक नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम का समापन वरिष्ठ समाजवादी नेता विनोद तिवारी द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। सम्मेलन में बड़ी संख्या में ब्राह्मण समाज के लोग, समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



