उत्तर प्रदेश

मंडल स्तरीय युवा उत्सव एवं साइंस मेला का भव्य आयोजन

आजमगढ़। युवाओं को अपनी सांस्कृतिक एवं अभिनव प्रतिभाओं को प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करने हेतु प्रतिभा निकेतन इंटर कॉलेज पोखरा, आजमगढ़ में युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग द्वारा मंडल स्तरीय युवा उत्सव एवं साइंस मेला का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी आजमगढ़ श्री परीक्षित खटाना, जिला युवा कल्याण अधिकारी आजमगढ़ श्री सुल्तान सिंह, क्षेत्रीय युवा अधिकारी श्री अनीश कुमार मौर्य एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री रमाकांत जी द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलन कर किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत आजमगढ़ के युवाओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत से हुई। युवा उत्सव में मऊ, बलिया एवं आजमगढ़ जनपदों के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। मंडल स्तर पर विजयी प्रतिभागी आगामी राज्य स्तरीय युवा उत्सव में प्रतिभाग करेंगे।

मऊ जनपद की ओर से सोनीधापा खंडेलवाल बालिका इंटर कॉलेज की सांस्कृतिक प्रभारी ऋचा त्रिपाठी के नेतृत्व में युवाओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए मंडल स्तर पर सफलता प्राप्त की। कविता लेखन प्रतियोगिता में खुशी मद्धेशिया ने द्वितीय स्थान, कहानी लेखन में खुशी वर्मा ने तृतीय स्थान तथा समूह लोक नृत्य में मऊ की टीम की छात्राओं रजनी त्रिपाठी, निशु मद्धेशिया, तान्या मद्धेशिया, अनन्या चौहान, अर्पिता, रंजना खरवार एवं शिवांगी ने तृतीय स्थान प्राप्त कर जनपद का मान बढ़ाया।

निर्णायक मंडल में सपना बनर्जी, तुषार राज सिंह एवं संदीप कुमार सिंह शामिल रहे। इस अवसर पर जिला युवा कल्याण अधिकारी श्री सुल्तान सिंह द्वारा सांस्कृतिक प्रभारी ऋचा त्रिपाठी एवं सभी विजेता प्रतिभागियों को अंगवस्त्र एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में शिक्षकगण, युवा प्रतिनिधि एवं स्थानीय गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *