अजय और बिपिन के नेतृत्व में अली बिल्डिंग व्यापार मंडल की नई शुरुआत
एक दशक बाद अजय और बिपिन बने अली बिल्डिंग व्यापार मंडल के खेवनहार
नई कार्यकारिणी का गठन, शपथ ग्रहण और सम्मान समारोह का भव्य आयोजन
मऊ जनपद के प्रतिष्ठित सुपर मार्केट अली बिल्डिंग में गुरुवार को अली बिल्डिंग व्यापार मंडल की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। नवगठित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण एवं सम्मान समारोह दुकानदारों और व्यापारियों के सहयोग से भव्य रूप से संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम के साथ ही अली बिल्डिंग में व्यापारिक एकता और संगठन को एक नई दिशा मिली है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष अरशद जमाल रहे।
दस साल बाद सक्रिय व्यापारिक संगठन
उल्लेखनीय है कि पिछले लगभग एक दशक से अली बिल्डिंग में न कोई पदाधिकारी था और न ही कोई सक्रिय व्यापारिक संगठन। व्यापारियों के हितों और समस्याओं को ध्यान में रखते हुए इस स्वतंत्र मंडल का गठन किया गया है। यह संगठन केवल अली बिल्डिंग के व्यापारियों के विकास, सुरक्षा और समस्याओं के समाधान के लिए कार्य करेगा।
नई कार्यकारिणी और मार्गदर्शन
बीते सप्ताह इस संगठन का गठन किया गया, जिसमें मुख्य संरक्षक मंडल के सदस्यों जैसे वेद नारायण मिश्रा, शिवजी राय, डॉ. दिनेश सिंह, दीनानाथ शर्मा, रमा शंकर चौहान आदि ने अजय शर्मा को अध्यक्ष चुना।
संगठन की बागडोर युवा व्यापारी नेताओं को सौंपी गई है, जबकि पुराने और वरिष्ठ व्यापारी मार्गदर्शन की जिम्मेदारी संभालेंगे।
नई कार्यकारिणी के पदाधिकारी इस प्रकार हैं:
• अजय शर्मा – अध्यक्ष
• बिपिन चौरसिया – महामंत्री
• अनिल सिंह – उपाध्यक्ष
• मनोज यादव – संगठन मंत्री
• अब्दुल राशिद खान – कोषाध्यक्ष
• वरुण वर्मा – मीडिया प्रभारी
• सीमा जयसवाल – सह मंत्री
कार्यक्रम और भविष्य की योजनाएं
शपथ ग्रहण समारोह के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष अरशद जमाल ने नवगठित पदाधिकारियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। उन्होंने अली बिल्डिंग के विकास को नई दिशा देने का भरोसा दिलाया। मुख्य मुद्दों में शौचालय निर्माण और प्रकाश व्यवस्था को प्रमुखता दी गई। उन्होंने कहा कि यदि अली बिल्डिंग के मालिक स्थान देंगे, तो नगर पालिका की तरफ से शौचालय का निर्माण और उसके रख-रखाव की पूरी जिम्मेदारी ली जाएगी। साथ ही हर गली में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
अली बिल्डिंग में लगभग 600 दुकानें हैं, जहां व्यवसायियों और कर्मचारियों सहित लगभग 1000 लोग प्रतिदिन कार्यरत रहते हैं। यह सुपर मार्केट सहादतपुरा रोडवेज और रेलवे स्टेशन के समीप स्थित है और शहर का एक महत्वपूर्ण शॉपिंग कॉम्प्लेक्स माना जाता है।
व्यापारियों ने उम्मीद जताई कि नई कार्यकारिणी अली बिल्डिंग को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी और व्यापारियों की समस्याओं को मजबूती से प्रशासन तक पहुंचाएगी।

