मऊ में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर प्रतिभाशाली महिलाओं का सम्मान
मऊ। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर प्रतिनिधि उद्योग व्यापार मंडल के नेतृत्व में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में समाज, शिक्षा, चिकित्सा और खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मान देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
इस अवसर पर प्रतिनिधि उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष राकेश तिवारी ने कहा कि मातृशक्ति सदैव से पूजनीय रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं का कोई एक विशेष दिन नहीं होता, बल्कि वर्ष का हर दिन उनके सम्मान और योगदान को समर्पित है। फिर भी अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित करना गर्व की बात है।
कार्यक्रम के दौरान महिला उद्यमी शुभ्रा चौरसिया को उनके द्वारा स्थापित ब्रांड “खलबट्टा” के लिए सम्मानित किया गया। इसके साथ ही महिला चिकित्सक डॉ. प्रमोदिता सिंह, शिक्षिका एकता सिंह तथा अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतने वाली खिलाड़ी आरती यादव को भी सम्मानित किया गया।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष राकेश कुमार तिवारी, महासचिव श्रीराम जायसवाल, उपाध्यक्ष अश्वनी सिंह, कन्हैया लाल जायसवाल, सुमंत सिंह सहित कई पदाधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

