मऊ में अंडरपास निर्माण की मांग, व्यापार मंडल का प्रतिनिधिमंडल मंत्री ए.के. शर्मा से मिला
मऊ। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल जनपद मऊ के तत्वावधान में व्यापारियों का एक प्रतिनिधिमंडल जिलाध्यक्ष डॉ. राम गोपाल गुप्त के नेतृत्व में स्थानीय जनसेवकों के साथ उत्तर प्रदेश सरकार के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा से नगर के मंगलम अतिथि भवन में मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने नवपुरवा, रहजनिया, अली नगर, हैदर नगर तथा कम्हरिया सहित आसपास के मोहल्लों में आवागमन की सुविधा के लिए कम ऊंचाई का अंडरपास बनाने की मांग की।
इस दौरान डॉ. राम गोपाल गुप्त ने बताया कि कन्हारिया, नवपुरवा और आसपास के मोहल्लों से हजारों लोग, छात्र-छात्राएं, मरीज तथा गरीब बुनकर समाज के लोग प्रतिदिन रेलवे ट्रैक को पैदल पार कर आते-जाते हैं। इन क्षेत्रों में लगभग 25 हजार की आबादी निवास करती है। कई बार छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं और ट्रेनों का आवागमन बढ़ने से भविष्य में किसी बड़ी घटना की आशंका बनी हुई है। उन्होंने मंत्री से 1/29-31 तथा 30/32 के बीच एलएचएस अंडर ब्रिज जनहित में बनवाने की मांग रखी।
व्यापार मंडल युवा संगठन के जिलाध्यक्ष अजहर कमाल फैजी ने कहा कि अंडरपास बनने से मोहल्लों में ई-रिक्शा, मोटरसाइकिल और आकस्मिक मरीजों के लिए एंबुलेंस का आवागमन संभव हो सकेगा। साथ ही बुनकरों के जान-माल की सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी। उन्होंने रेल मंत्रालय के सहयोग से अंडर ब्रिज निर्माण कराने का आग्रह किया।
मंत्री ए.के. शर्मा ने व्यापारियों और बुनकरों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए इस संबंध में सकारात्मक आश्वासन दिया।
इस अवसर पर सलमान अहमद, जमशेद अहमद, अकरम, प्रीमियर, गनी अहमद सहित दर्जनों लोग उपस्थित रहे।

