मऊ के लोगों के लिए वरदान बन रहा है आयुष्मान योजना, आप भी उठा सकते हैं फायदा
प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना – प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना – आयुष्मान भारत
आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को मिला आयुष्मान कार्ड बना वरदान
आयुष्मान योजना से 4,958 लाभार्थियों को मिला लाभ

केस – 1
समिपुर रोड निवासी इंद्रा (31) पत्नी विजय ने बताया कि उन्हें पथरी की समस्या थी। उनकी आर्थिक हालत इतनी अच्छी नहीं थी कि वह इसका इलाज अपने बल पर करा सकें । जब उन्हें पता चला की आयुष्मान कार्ड के जरिये इसका निःशुल्क इलाज करवाया जा सकता है तो उन्होंने आयुष्मान कार्ड के जरिये एक बड़े प्राइवेट अस्पताल में निःशुल्क इलाज कराया। अब वह पूरी तरह से स्वस्थ हैं और प्रधानमंत्री की इस योजना को धन्यवाद देती हैं।
केस – 2
सहुवारी निवासी किशोर यादव (56) ने बताया कि उन्हें हर्निया की समस्या थी और इसका जल्द इलाज नहीं होता तो इसके गंभीर परिणाम हो सकते थे। इलाज के लिए निजी क्षेत्र के अस्पताल में इसका खर्च लगभग 30 हजार रुपये था । लेकिन आयुष्मान कार्ड के माध्यम से बड़े प्राइवेट अस्पताल में इसका ऑपरेशन सहित अन्य चिकित्सीय सुविधाएं निःशुल्क प्राप्त हुईं ।
आयुष्मान भारत – प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना सरकार की महत्वपूर्ण स्वास्थ्य योजना है, जिसे 23 सितंबर 2018 को शुरू किया गया था। इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को स्वास्थ्य बीमा मुहैया कराना है। योजना के तहत सामाजिक आर्थिक जनगणना 2011 के अनुसार चिन्हित लाभार्थी परिवार को प्रति वर्ष प्रति परिवार पांच लाख रुपये के इलाज की सुविधा निःशुल्क दी जा रही है। इसके तहत जिले में आयुष्मान गोल्डन कार्ड धारियों को लाभ दिया जा रहा है। इस क्रम में अब तक जनपद के 4,958 लाभार्थियों ने योजना के तहत निःशुल्क इलाज कराया है, जिसमें पूरा खर्च 4.67 करोड़ रुपये का सरकार ने वहन किया है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ सतीशचन्द्र सिंह ने बताया कि इस योजना का उद्देश्य जनपद के आर्थिक रूप से कमजोर लोगों निःशुल्क चिकित्सा सुविधा देना है। योजना के तहत सामाजिक आर्थिक जनगणना 2011 की सूची के अनुसार केंद्र सरकार से पात्र लाभार्थियों का चयन किया गया है और उन्हीं का आयुष्मान कार्ड बनाया जा रहा है। योजना के तहत जिले से राजकीय और निजी अस्पतालों को मिला कर 1012 कार्डधारियों ने 2.07 करोड़ रूपये का निःशुल्क इलाज का लाभ लिया है। वहीं 3946 कार्डधारियों ने जनपद से बाहर 2.59 करोड़ रुपये का निःशुल्क इलाज लाभ प्राप्त किया।
आयुष्मान भारत योजना के जिला कार्यक्रम समन्वक (डीपीसी) डॉ पीएन दूबे ने बताया कि जिले के राजकीय अस्पतालों व निजी चिकित्सालयों में प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना और मुख्यमंत्री जन आरोग्य अभियान के तहत आयुष्मान कार्डधारी निःशुल्क चिकित्सा का भरपूर लाभ ले रहें हैं। इसमें अन्य प्रदेशो के विकसित शहरों में भी निःशुल्क चिकित्सा का लाभ प्राप्त करने वालों की संख्या में भारी वृद्धि हुई है।
डॉ दुबे ने बताया कि इस संचारी माह और पोषण पखवाड़ा में लगभग 5000 से ज्यादा के निःशुल्क आयुष्मान कार्ड जारी किया जा चुके हैं। जनपद में 1.8 लाख आयुष्मान कार्डधारी पोर्टल पर पंजीकृत हो चुके हैं।
आयुष्मान भारत योजना के जिला सूचना प्रणाली प्रबन्धक (डीआईएसएम) आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि मऊ सदर अस्पताल (पुरुष) में 667, राजकीय महिला अस्पताल में 200, मुह्म्दाबाद गोहना सीएचसी पर 46, कोपागंज 36, बड़राव में 63, गोल्डेन कार्ड के माध्यम से निःशुल्क इलाज का लाभ लिया। वहीं निजी क्षेत्र के चिकित्सालयों जैसे फातिमा में 1270, स्वास्तिक में 438, शारदा नारायण में 411, गुप्ता सर्जिकल में 501, राहुल हास्पिटल में 654, प्रकाश में 164, आशीष में 423, प्रेमा नेत्र में 72, वंदना में 13 आयुष्मान कार्ड लाभार्थियों ने निःशुल्क इलाज प्राप्त किया है ।

