मऊ में अपर महाधिवक्ता अनिल प्रताप सिंह का स्वागत व अभिनन्दन
o यूपी आपदा प्रबंधन के चेयरमैन शिक्षक एमएलसी उमेश द्विवेदी ने कहा वकीलों के लिए चैम्बर भवन बनवाने में हर सम्भव करूँगा कोशिश
मऊ। उत्तर प्रदेश का अपर महाधिवक्ता मनोनीत होने के बाद अनिल प्रताप सिंह का अपनी जन्मभूमि मऊ के जनपद मुख्यालय के सिविल कोर्ट सेन्ट्रल बार एसोसिएशन के लाइब्रेरी हाल में सम्मान समारोह आयोजित कर बतौर मुख्य अतिथि अधिवक्ताओं ने फूल मालाओं के साथ जमकर स्वागत किया।

इस दौरान अनिल प्रताप सिंह ने कहा कि कचहरी में वही अधिवक्ता रूकता है जिसे कचहरी से मुहब्बत है। कहा कि यह समर्पण का पेशा है, जो इसे गले लगा लिया वह एक अच्छा अधिवक्ता ज़रूर बनेगा। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता अपनी बेवाकी,चरित्र व आत्म सम्मान से कभी समझौता नहीं करता है। कहा कि अधिवक्ता मेहनती व कर्तव्यनिष्ठ होता है वह अपने वादकारियों को त्वरित न्याय दिलाने में हर संभव प्रयास करता है। वकीलों की हड़ताल के सम्बन्ध में कहा कि जिला जज से बार के साथ वार्ता कर सम्मान जनक समाधान का प्रयास करूंगा। अपर महाधिवक्ता श्री सिंह ने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी जी से बार के चैम्बर बनाने के लिए धन मुहैया कराने का आश्वासन दिया।

वहीं शिक्षक एमएलसी तथा प्रदेश के आपदा प्रबंधन के चेयरमैन उमेश द्विवेदी ने मऊ के अधिवक्ता समाज से मिले सम्मान से अभिभूत होकर बार के महामंत्री की मांग के संदर्भ में वकीलों की अपेक्षा से अच्छा चैम्बर भवन बनवाने की उम्मीद जताई। इसके पूर्व सिविल कोर्ट सेन्ट्रल बार एसोसिएशन की तरफ से अपर महाधिवक्ता व एम एल सी दोनो अतिथिगण को अंगवस्त्रम व प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया तथा बार के वरिष्ठ सदस्य प्रदीप कुमार के सुपुत्र डाक्टर स्वास्तिक शोर्य जो हाल ही में रूस से एमडी कर स्वदेश आये है को अंगबस्त्रम व प्रतीक चिन्ह देकर अपर महाधिवक्ता द्वारा सम्मानित किया गया।
बार के अध्यक्ष शमसुल हसन ने बार में प्रथम महाधिवक्ता के आगमन पर दोनों अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। बार के महामंत्री हरिद्वार राय ने बार की तरफ से आभार व्यक्त करते हुए अपर महाधिवक्ता अनिल प्रताप सिंह व एम एल सी उमेश द्विवेदी के व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला तथा अधिवक्ताओं की बढ़ती जनसंख्या को देखते हुए वकीलों के चेम्बर की मांग की । महामंत्री ने कहा कि बार के नाम से जमीन एलाट है अगर दोनों अतिथि सरकार से सार्थक प्रयास करेंगे तो चेम्बर हमें जल्द मिल जायेगा। अंत में महामंत्री श्री राय ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।इस अवसर पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष अशोक कुमार अश्क ने स्वागत गीत व अपनी गजल से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। स्वागत व उद्बबोधन करने वालो में वरिष्ठ अधिवक्तागण फतेहबहादुर सिंह, बिरेन्द्र बहादुर पाल, मानसिंह यादव, प्रदीप सिंह पत्रकार, ओमप्रकाश पाण्डेय, अरविन्द तिवारी, नागेन्द्र राय, विनोद कुमार सिंह आदि शामिल रहे।











