MAU के MLA मोख्तार अंसारी का खास शूटर हनुमान पान्डेय लखनऊ में ढेर
लखनऊ। बाहुबली विधायक मोख्तार अंसारी के गैंग डी-5 का सबसे बड़ा शूटर व गाजीपुर के विधायक कृष्णानन्द राय सहित सात लोगों के हत्याकांड का आरोपी और माफिया डॉन रहे मुन्ना बजरंगी के करीबी मऊ जनपद के कोपागंज थाना क्षेत्र निवासी हनुमान पांडेय उर्फ राकेश पांडेय को उत्तर प्रदेश की एसटीएफ पुलिस ने लखनऊ के सरोजनी नगर में एक मुठभेड़ में ढेर कर दिया है। हनुमान पाण्डेय एक लाख का इनामिया बदमाश घोषित था।
बताया जाता है कि मुन्ना बजरंगी की जेल में हत्या के बाद हनुमान पांडेय विधायक मोख्तार अंसारी गैंग का बड़ा शूटर बन गया था। हनुमान पांडेय बाहुबली नेता मोख्तार अंसारी के गैंग डी-5 का सबसे सक्रिय सदस्य था। वो विधायक मोख्तार अंसारी के साथ मऊ में ठेकेदार अजय प्रकाश सिंह उर्फ मन्ना सिंह समेत 2 लोगों की हत्या के मामले में भी आरोपी था। बाद मेेंं मन्ना सिंह हत्याकांड के मामले में हनुमान पाण्डेय बरी हो गया था।
हनुमान पांडेय चर्चित भाजपा विधायक कृष्णानंद राय हत्याकांड में भी आरोपी था। जिनकी हत्या वर्ष 2005 में एक क्रिकेट मैच का उद्घाटन करने के बाद अपने गांव गोडउर लौटते समय गाजीपुर जनपद के बसनियां चट्टी पर उनके काफिले को कुछ लोगों ने घेर लिया और AK 47 से फायरिंग कर दी। इसमें कृष्णानंद राय समेत 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना में 400 राउंड फायर हुआ था जिसमें 7 शवों से कुल 67 गोलियां मिली थी।

आईजी एसटीएफ अमिताभ यश ने बताया कि काफी लंबे समय से इसकी तलाश चल रही थी। पिछले दिनों खान मुबारक गैंग के शूटर नीरज की गिरफ्तारी के बाद खुलासा हुआ था कि हनुमान पांडेय किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने वाला है। जिसके बाद एसटीएफ ने इस पर एक लाख का इनाम घोषित किया था। रविवार तड़के सरोजिनीनगर थाना इलाके में एसटीएफ ने उसकी घेराबंदी की तो उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में हनुमान पांडेय को गोली लगी और वह मारा गया।

