उत्तर प्रदेश

किसानों के हक के लिए बुलंद करनी होगी आवाज : राकेश टिकैत

@पवन कुमार पाण्डेय…

मधुबन/मऊ। वर्तमान केंद्र सरकार की सारी पालिसी किसानों के विरुद्ध हैं। अगले 40-50 सालों में जमीन में इस तरह के केमिकल डाल दिये जाएंगे कि यहां पर हिंदुस्तान में खेती ही न हो पाए। जिसके बाद सारी चीजें बाहर से आएंगी और किसान केवल अपनी खेतों को निहारता रह जाएगा। इसलिए यदि किसानों को अपना वजूद बचाना है तो फिर संगठित होना होगा। अपने हक़ की लड़ाई के लिए आवाज़ बुलंद करनी होगी। यह गूंगे बहरों की सरकार है। इनसे हम किसानों को अपना हक़ छीनना होगा। उक्त बातें भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश सिंह टिकैत नें बुधवार को मधुबन के पांति खेल मैदान पर आयोजित एक किसान महा पंचायत को सम्बोधित करते हुए कहे।
राकेश टिकैत ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि आप हर गलत फैसलों का विरोध करना सीखें। भारतीय किसान यूनियन के सदस्य 13 महीनों तक सड़कों पर आंदोलन किए। तीनों कृषि कानून किसानों के हित में नहीं थे। हमने गलत का विरोध किया और आख़िरकार सरकार को अपने कदम पीछे खींचने पड़े। तीनों काले कानून वापस हुए मगर एमएसपी पर अभी भी सरकार अपना रुख साफ नहीं कर रही है। इस लिये जबतक एमएसपी गारंटी कानून लागू नहीं हो जाता, हमारा आंदोलन जारी रहेगा।

4 घंटे लेट से पहुंचे राष्ट्रीय अध्यक्ष…

भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश सिंह टिकैत का कार्यक्रम मधुबन में सुबह के 10 बजे से निर्धारित था। सुबह के 9 बजे से ही यहाँ बड़ी संख्या में किसान जिसमें महिलाएं भी शामिल थी, जमा होने शुरु हो गये। मगर भीड़ को काफी लम्बा इंतजार करना पड़ा। राकेश टिकैत अपने निर्धारित समय से लगभग 4.30 घंटे लेट यानी 2.30 बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। इस दौरान यूनियन के सदस्यों ने उनका फूल मलाओं से जोरदार स्वागत किया। मंच पर बैठे टिकैत की नजर भीड़ में बैठे एक बृद्ध किसान पर पड़ी जिसकी उम्र लगभग 90 साल से ऊपर थी, जो हाथ में किसान यूनियन का झण्डा लिये बैठा था। उस बृद्ध का जज्बा देख राकेश सिंह टिकैत काफी प्रभावित हुए और उसे अपने पास बुलाकर उसे हरा पगड़ी पहना कर एंव फूल मालाएं देकर स्वागत किया। यह देख पूरा कार्यक्रम स्थल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
किसान महापंचायत को भारतीय किसान यूनियन के युवा प्रदेश अध्यक्ष अनुज सिंह, मंडल अध्यक्ष मिथिलेश यादव, जिला अध्यक्ष गया प्रसाद यादव, प्रदेश सचिव सुरेश यादव, पूर्व जिला पंचायत सदस्य रामायण यादव, वरिष्ठ समाजवादी नेता मुसाफिर प्रसाद यादव, पूर्व ब्लाक प्रमुख विजय शंकर यादव, मीरा यादव आदि ने भी सम्बोधित किया। संचालन सुरेश यादव ने किया। जिला पंचायत सदस्य दुबारी राजेश यादव, प्रधान सपन कन्नौजिया, महेंद्र यादव, अर्जुन यादव, जय प्रकाश यादव, मुन्ना राजभर सहित सैकड़ों की संख्या में किसान यूनियन के सदस्य मौजूद रहे।
श्री टिकैत ने बताया कि 26 नवंबर को किसान आंदोलन की दूसरी बरसी है। इसी दिन आप सब ने तीनों कृषि कानूनों के विरुद्ध में जोरदार आंदोलन की शुरुआत की थी। 26 नवंबर को लखनऊ में भारतीय किसान यूनियन के तत्वाधान में महा पंचायत रखी गयी है। आप सब इसके लिये पूरी तैयारी से जुट जाएं। हजारों हजारों की संख्या में उस महा पंचायत में भाग लेकर सरकार को अपनी ताकत और अपनी एकजुटता का एहसास कराएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *