लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस के अरमानों को लगे पंख
◆मऊ जंक्शन पहुंची भारतीय रेलवे की सबसे अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त जनरल बोगी की पूरी ट्रेन
◆ प्रत्येक बोगी में दोनों तरफ आर ओ फिल्टर मशीन के साथ ही प्रत्येक बोगी में 36 से अधिक मोबाइल चार्जर भी लगाए गए हैं
मऊ। काफी अरसे मऊ से लखनऊ के लिए एक इंटरसिटी ट्रेन की मांग लगभग अब पूरी होती नजर आ रही है। मऊ जँ. पर शुुुक्रवार से ट्रेन की नई रैक आकर खड़ी हुई है, जिसे देख कर शीघ्र ही लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस के चलने की उम्मीद जाग गई है। अगर वही ट्रेन इंटरसिटी के लिए उपलब्ध कराई जाती है तो कहने में गुरेज नहीं कि रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने भारतीय रेलवे की सबसे अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त बोगी की पूरी ट्रेन इस यात्रा के लिए उपलब्ध कराकर सोने में सुहागा लगाने का काम किया है।
रेलयात्री परामर्शदात्री समिति सदस्य श्रीराम जायसवाल ने दीन दयालु कोच से युक्त इस ट्रेन रैक के सम्बंध में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि शुक्रवार से मऊ रेलवे स्टेशन पर खड़ी इस दीनदयालु कोच में भारतीय रेलवे की सबसे अत्याधुनिक सुविधा दिए गए हैं। इन कोचों की खासियत ये है कि इनमें स्लीपर कोच जैसी सीटें बैठने को मिलेंगी। साथ ही, पहली बार इन कोचों में आरओ का फिल्टर पानी पीने को मिलेगा
दीन दयालु कोच अभी साधारण टिकट के यात्रियों के लिहाज से बनाए गए हैं, जोकि सिर्फ जनरल कोचों की जगह लगाए जा रहे हैं। वतमार्न में लंबी दूरी की पाॅपुलर ट्रेनों में इसके 2 से 4 कोच ही लगाए जा रहे हैं। इनमें लखनऊ से दिल्ली तक जाने वाली गोमती सुपर फास्ट ट्रेन भी शामिल है।
सबसे बड़ी बात यह है कि इनमें एक कोच में 2 तरफ पीने के पानी के लिए आरओ की मशीने लगाई गई हैं जिससे यात्रियों को आरओ का फिल्टर पानी मिल सकेगा। अंदर सामान रखने वाली सीटों को भी गद्देदार बनाया गया है। हर डिब्बे में दोनों तरफ अग्निशमक यंत्र लगाए गए हैं जिनका इस्तेमाल यात्री कभी भी आपात स्थिति में कर सकेंगे। डिब्बों में जलने वाली साधारण ट्यूब लाइट्स की जगह एलईडी लाइट्स का प्रयोग किया गया है, जिन्हें जरूरत के हिसाब से बंद किया अथवा जलाया जा सकता है।
एक डिब्बे में करीब 72 सीटों में 32 से ज्यादा मोबाइल चार्जिंग प्वॉइंट बनाए गए हैं। इसके साथ ही बायोटाॅयलेट सीट को डीआरडीओ की सहायता से बनाया गया है। इस ट्रेन के संचालित होने व उचित समय सारणी शीघ्र ही रेलवे द्वारा जारी किया जाएगा। अभी इस संबंध में कोई विशेष जानकारी नहीं प्राप्त हो सकी है।

