अपना जिलाखास-मेहमान

सतीश बने अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं तमिलनाडु का प्रदेश अध्यक्ष

■ बिल्थरारोड के ककरासो गांव निवासी हैं सतीश

बिल्थरारोड/बलिया। क्षेत्र के ककरासों निवासी पत्रकार सतीश कुमार श्रीवास्तव को अखिल भारतीय कायस्थ महासभा (एबीकेएम 2150) का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं तमिलनाडु का प्रदेश अध्यक्ष मनोनीत किये जाने से लोगों में हर्ष की लहर है। वे नवभारत जर्नलिस्ट एसोसिएशन के तमिलनाडु इकाई के मौजूदा प्रांतीय अध्यक्ष भी हैं। अपनी माटी से हजारों किमी दूर रहने के बावजूद उनका दिल अपनी भाषा व अपने लोगों के लिए ही धड़कता रहता है।
हिंदी एवं भोजपुरी के विकास के लिए संकल्पित सतीश श्रीवास्तव अपनी मिट्टी से लगभग ढाई हजार किलोमीटर दूर चेन्नई में हिंदी का झंडा लहराने के साथ-साथ भोजपुरी मिठास भी बिखेर रहे हैं। हिंदी अध्यापन के अलावा वे एक स्वतंतत्र पत्रकार एवं हिंदी भोजपुरी में कविताएं भी लिखते हैं। लगभग दो साल पहले प्रकाशित उनकी पहली पुस्तक चलो अब आदमी बना जाए गजल संग्रह की हजार प्रतियां बिकने पर प्रकाशन ने उन्हें बेस्ट सेलर सम्मान से सम्मानित किया था।
फौजी परिवार में जन्मे सतीश श्रीवास्तव का जन्म वैसे तो दिल्ली स्थित सैनिक अस्पताल में हुआ था लेकिन उनकी शुरूआती शिक्षा स्थानीय विद्यामंदिर, डीएवी इंटर कॉलेज एवं देवेंद्र डिग्री कॉलेज में हुई। हजारों किलोमीटर दूर रहने के बावजूद उन्हें अपनी मिट्टी और अपनी भोजपुरी से आज भी उतना ही लगाव है। अपना मऊ से दूरभाष पर बातचीत में उन्होंने बताया कि जल्द ही उनकी चलअ् चली गंउवा की ओर और दर्द का व्याकरण नामक दो भोजपुरी एवं हिंदी के गीत-गजल संग्रह प्रकाशित होने वाली है। हाल ही में ओएनजीसी अगरतला में आयोजित राष्ट्रीय कवि सम्मेलन में भी उनकी कविताओं को खूब सराहा गया था । उनके अखिल भारतीय कायस्थ महासभा (एबीकेएम 2150) का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं तमिलनाडु का प्रदेश अध्यक्ष मनोनीत किये जाने पर लोगों द्वारा उन्हें बधाई देने का सिलसिला जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *