विश्व हिंदी दिवस पर इंक समिति की ऑनलाइन बाल कवि गोष्ठी ने रचा साहित्यिक इतिहास
विश्व हिंदी दिवस के अवसर पर इंक समिति के तत्वावधान में एक अत्यंत प्रेरणादायक एवं भावपूर्ण ऑनलाइन बाल कवि गोष्ठी का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में देशभर से अनेक नन्हें बाल कवियों ने सहभागिता कर हिंदी साहित्य के प्रति अपने प्रेम और प्रतिभा का सुंदर परिचय दिया।
इस साहित्यिक आयोजन की मुख्य अतिथि असम से सुप्रसिद्ध साहित्यकार डॉ. निशा नंदिनी भारतीय रहीं। गोष्ठी में 5 वर्ष से लेकर 10–12 वर्ष तक की आयु के बच्चों ने उत्साह और आत्मविश्वास के साथ भाग लिया। नन्हे कवियों ने महान एवं प्रतिष्ठित कवियों की रचनाओं के साथ-साथ अन्य कवियों की कविताओं का भावपूर्ण, प्रभावशाली और सजीव पाठ प्रस्तुत कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों की भाव-भंगिमा, स्पष्ट उच्चारण और सशक्त भावप्रेषण विशेष रूप से सराहनीय रहा। हर प्रस्तुति ने यह सिद्ध किया कि यदि साहित्य के संस्कार बचपन में दिए जाएँ, तो वे व्यक्तित्व निर्माण की मजबूत नींव बनते हैं।
इस आयोजन के संस्थापक एवं अध्यक्ष श्री मनोज नायाब रहे, जबकि कार्यक्रम के संयोजक श्री राम पारीक थे। कार्यक्रम का सुव्यवस्थित एवं प्रभावी संचालन श्रीमती संगीता शर्मा ने किया।
मुख्य अतिथि डॉ. निशा नंदिनी भारतीय ने नन्हे कवियों की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की बाल कवि गोष्ठियाँ बच्चों को साहित्य, संस्कृति और संवेदनशीलता से जोड़ने के साथ-साथ उनमें अभिव्यक्ति का साहस भी विकसित करती हैं।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागी बच्चों को प्रमाण पत्र प्रेषित किए गए। कुल मिलाकर यह बाल कवि गोष्ठी सफल, प्रेरणादायक और साहित्यिक दृष्टि से अत्यंत समृद्ध रही।

