प्रमुख सचिव व मऊ के पूर्व जिलाधिकारी मुकेश मेश्राम को डीजी पर्यटन की अतिरिक्त जिम्मेदारी
■ कई IAS अफसरों का तबादला, अभी और हो सकते इधर से उधर : सूत्र
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रदेश के ब्यूरोक्रेसी में बड़ा फेरबदल किया है। शुक्रवार को योगी सरकार ने कई आईएएस अफसरों का तबादला कर दिया है। गाजियाबाद के डीएम अजय शंकर पांडेय को झांसी मंडल का नया कमिश्नर बनाया है तथा राकेश कुमार सिंह को गाजियाबाद के नए जिलाधिकारी के रुप में कमान सौंपा है।
इसके अलावा अपर मुख्य सचिव (एसीएस) रामी रेड्डी को सहकारिता विभाग से हटा कर उद्यान विभाग का एसीएस बनाया है जबकि बीएल मीणा को सहकारिता विभाग का एसीएस बनाया गया है। सुधीर गर्ग को वन विभाग से हटाकर अब दुग्ध विभाग का प्रमुख सचिव बनाया गया है। अंकित कुमार अग्रवाल को प्रयागराज विकास प्राधिकरण के वीसी से हटाकर एटा जिलाधिकारी का चार्ज सौंपा है। वहीं अरविंद चौरसिया को डीएम लखीमपुर और बालकृष्ण त्रिपाठी को डीएम अमरोहा बनाया गया है। इसके अलावा शैलेंद्र सिंह को मुरादाबाद का जिलाधिकारी बनाया गया है. मनोज सिंह को वन विभाग का नया एसीएस बनाया गया है।वहीं के. रवीन्द्र नायक प्रमुख सचिव समाज कल्याण अल्पसंख्यक कल्याण बनाए गए हैं. एनजी रवि कुमार को गोरखपुर का मंडलायुक्त बनाया है। सूत्रों की माने तो यूपी की ब्यूरोक्रेसी में आने वाले दिनों में और भी फेरबदल होने की संभावना है।

